The Bare Truth

इंडिया इंडस्ट्रियल फेयर में बोले CM साय- अब सेमीकंडक्टर, आईटी और ग्रीन एनर्जी पर फोकस; सरकार निभा रही 'एक्सीलरेटर' का रोल

18 Sep 2026  

इंडिया इंडस्ट्रियल फेयर में बोले CM साय- अब सेमीकंडक्टर, आईटी और ग्रीन एनर्जी पर फोकस; सरकार निभा रही 'एक्सीलरेटर' का रोल

Share this post with:

छत्तीसगढ़ को भविष्य के उद्योगों और नई अर्थव्यवस्था का प्रमुख गंतव्य बनाने के संकल्प के साथ मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने शुक्रवार को रायपुर के साइंस कॉलेज मैदान में लघु उद्योग भारती द्वारा आयोजित तीन दिवसीय ‘इंडिया इंडस्ट्रियल फेयर-2026’ का भव्य शुभारंभ किया। 

18 से 20 सितम्बर तक चलने वाले इस 14वें राष्ट्रीय मेले में देशभर से आए 300 से अधिक एमएसएमई उद्यमियों और निवेशकों को आमंत्रित करते हुए सीएम ने कहा कि छत्तीसगढ़ अब सिर्फ कोयला, स्टील और सीमेंट जैसे पारंपरिक उद्योगों तक सीमित नहीं है, बल्कि सेमीकंडक्टर, आईटी, फार्मा, टेक्सटाइल और ग्रीन एनर्जी जैसे उभरते क्षेत्रों में लंबी छलांग लगा रहा है। राज्य में लगभग 1100 करोड़ रुपये की सेमीकंडक्टर परियोजना पर काम शुरू होना इसका प्रत्यक्ष प्रमाण है।

 

 उन्होंने जोर देकर कहा कि उनकी सरकार केवल नियामक की नहीं, बल्कि निवेशकों की राह आसान करने वाले सहयोगी और ‘एक्सीलरेटर’ की भूमिका निभा रही है, जहां सिंगल विंडो सिस्टम और नई औद्योगिक विकास नीति 2024-30 के जरिए प्रस्तावों को सीधे धरातल पर उतारा जा रहा है।


मुख्यमंत्री ने कहा कि 30 हजार मेगावाट बिजली क्षमता, समृद्ध खनिज, 44% वनाच्छादित क्षेत्र की लघु वनोपज और देश के मध्य में स्थित अनुकूल भौगोलिक स्थिति छत्तीसगढ़ की प्राकृतिक ताकत हैं, जिनका मूल्य संवर्धन (वैल्यू एडिशन) कर स्थानीय युवाओं को रोजगार देने वाली इकाइयों को विशेष प्रोत्साहन दिया जा रहा है। 

 

नवा रायपुर को आधुनिक टेक्नोलॉजी हब के रूप में विकसित किया जा रहा है, ताकि स्थानीय युवा नौकरी तलाशने के बजाय रोजगार प्रदाता बनें। कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि प्रदेश उद्योगों में नई उड़ान भरने को तैयार है, वहीं उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन ने बताया कि नई नीति के बाद धरातल पर नए उद्योगों का विस्तार तेजी से हो रहा है। 

 

सीएम ने इस दौरान मेले में लगे आधुनिक मशीनरी, आईटी और पारंपरिक उत्पादों के विभिन्न स्टॉलों का मुआयना कर उद्यमियों से संवाद किया और उनसे बस्तर की समृद्ध पर्यटन संभावनाओं से जुड़ने का भी आह्वान किया। इस मौके पर सीएसआईडीसी अध्यक्ष राजीव अग्रवाल, क्रेडा अध्यक्ष भूपेंद्र सवन्नी और सलाहकार आर. कृष्णा दास सहित देशभर के प्रमुख औद्योगिक प्रतिनिधि मौजूद रहे।
 

Share this post with:

POPULAR NEWS

© 2022 The Bare Truth. All rights reserved. Developed By Inclusion Web