Share this post with:
महादेव घाट स्थित हाटकेश्वर महादेव मंदिर परिसर में सोमवार को ‘सोमनाथ स्वाभिमान पर्व’ का आयोजन किया गया। इसमें शामिल हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि आज से 75 साल पहले सोमनाथ मंदिर के पुनर्निर्माण का कार्य पूरा हुआ था, जो देश के लिए स्वाभिमान का प्रतीक है। मुख्यमंत्री ने इस दौरान गुजरात के सोमनाथ मंदिर से वर्चुअली जुड़े प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संबोधन भी सुना और उनके साथ पूजा-अर्चना में हिस्सा लिया।
विष्णु देव साय ने अपने संबोधन में कहा कि विदेशी आक्रांताओं ने कई बार सोमनाथ मंदिर पर हमले किए, लेकिन वहां की आस्था और परंपरा को कोई खत्म नहीं कर सका। उन्होंने लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल के संकल्प और प्रथम राष्ट्रपति डॉ. राजेंद्र प्रसाद के साहस को याद करते हुए कहा कि तमाम विरोधों के बावजूद उस समय मंदिर का पुनर्निर्माण और लोकार्पण हुआ था। साय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफ करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में काशी विश्वनाथ और महाकाल की तरह ही सनातन संस्कृति को नया गौरव मिल रहा है।
मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ की योजनाओं का जिक्र करते हुए बताया कि भोरमदेव मंदिर के सौंदर्यीकरण के लिए 148 करोड़ रुपए स्वीकृत किए गए हैं। वहीं श्री रामलला दर्शन योजना के तहत अब तक 40 हजार से अधिक लोग अयोध्या के दर्शन कर चुके हैं। कार्यक्रम में मौजूद केदार कश्यप ने आस्था केंद्रों के संरक्षण की बात कही, तो टंकराम वर्मा और रामविचार नेताम ने सोमनाथ को सांस्कृतिक विरासत की पुनर्स्थापना का प्रतीक बताया। मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम के अंत में प्रदेशवासियों से भाईचारे और राष्ट्र एकता को मजबूत करने का आह्वान किया।
Share this post with:
11 May 2026
10 May 2026
20 Feb 2023
20 Feb 2023