Share this post with:
सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के कृषि विभाग कार्यालय में गुरुवार को उस वक्त हंगामा मच गया, जब एक अधिकारी ने पत्रकार और वकील के साथ मारपीट कर दी। घटना सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र की है, जिसका CCTV फुटेज भी सामने आया है।
जानकारी के मुताबिक, वकील जनक बरेठ अपनी मां की किसान सम्मान निधि की राशि से जुड़ी समस्या के समाधान के लिए आवेदन देने कृषि कार्यालय पहुंचे थे। उनके साथ स्थानीय पत्रकार पोषराम साहू भी मौजूद थे।
दोनों ने पहले जिला कृषि अधिकारी आशुतोष श्रीवास्तव से मुलाकात की। इसके बाद उन्हें संबंधित ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी (REO) प्रवीण पटेल के पास भेजा गया।
बताया जा रहा है कि पत्रकार पोषराम साहू ने प्रवीण पटेल से किसान सम्मान निधि की जानकारी मांगी और संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर उच्च अधिकारियों से शिकायत करने की बात कही। इसी बात से नाराज होकर प्रवीण पटेल भड़क गए।
आरोप है कि उन्होंने पत्रकार का कॉलर पकड़कर लगातार 10 से ज्यादा मुक्के जड़ दिए। बीच-बचाव करने आए वकील जनक बरेठ को भी धक्का देकर अलग कर दिया गया।
हैरानी की बात यह रही कि पूरे घटनाक्रम के दौरान दफ्तर में मौजूद अन्य अधिकारी और कर्मचारी मूकदर्शक बने रहे।
घटना का पूरा वीडियो कार्यालय में लगे CCTV कैमरों में कैद हो गया है, जो अब सामने आ चुका है। पीड़ित पक्ष ने मामले में कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
Share this post with:
20 Feb 2023
20 Feb 2023