The Bare Truth

जंतर-मंतर पर आधी रात फिर बवाल: पुलिस पर पथराव-बोतलें फेंकीं, ACP घायल; सुबह दिल्ली के 16 मेट्रो स्टेशन बंद

23 Jul 2026  

जंतर-मंतर पर आधी रात फिर बवाल: पुलिस पर पथराव-बोतलें फेंकीं, ACP घायल; सुबह दिल्ली के 16 मेट्रो स्टेशन बंद

Share this post with:

दिल्ली के जंतर-मंतर के पास जारी छात्र आंदोलन ने बुधवार देर रात एक बार फिर हिंसक रूप ले लिया। रात करीब 8:30 बजे कनॉट प्लेस क्षेत्र के टॉल्स्टॉय मार्ग के पास प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच तीखी झड़प हो गई। पुलिस के अनुसार, भीड़ में मौजूद कुछ उपद्रवियों ने अचानक पुलिस टीम पर पत्थरों और कांच की बोतलों से हमला बोल दिया। इस अचानक हुए हमले में कनॉट प्लेस के एसीपी विवेक भगत गंभीर रूप से घायल हो गए। उपद्रवियों को खदेड़ने और स्थिति पर काबू पाने के लिए पुलिस को आंसू गैस के गोले दागने पड़े।
 

15 मिनट चला हंगामा, सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल


घटना से जुड़े कुछ वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आए हैं, जिनमें प्रदर्शनकारियों के हाथों में लाठियां दिखाई दे रही हैं और वे पुलिसकर्मियों पर हमला करते नजर आ रहे हैं। हालांकि, करीब 15 मिनट की मशक्कत के बाद पुलिस ने स्थिति को पूरी तरह नियंत्रित कर लिया। इससे पहले दिन में भी पंजाबी बाग के एसीपी जय प्रकाश प्रदर्शनकारियों के पथराव में घायल हो गए थे, जिनके माथे पर सीधा पत्थर लगा था।
 

सुरक्षा के लिहाज से 16 मेट्रो स्टेशन बंद


लगातार बिगड़ते माहौल को देखते हुए दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) ने सुरक्षा एजेंसियों के निर्देश पर गुरुवार सुबह से दिल्ली के 16 प्रमुख मेट्रो स्टेशनों को अगले आदेश तक यात्रियों के लिए पूरी तरह बंद कर दिया है। गौरतलब है कि कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के बैनर तले 20 जून से जंतर-मंतर पर प्रदर्शन चल रहा है। 20 जुलाई को भी CJP के 'संसद मार्च' के दौरान उस वक्त भारी बवाल हुआ था, जब प्रदर्शनकारी संसद के गेट तक पहुंच गए थे और उन्हें हटाने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा था।
 

Share this post with:

POPULAR NEWS

© 2022 The Bare Truth. All rights reserved. Developed By Inclusion Web