Share this post with:
शिवरीनारायण के ग्राम भंवतरा में बुधवार की रात रूह कांपने वाला मंजर देखने को मिला। यहाँ एक ही परिवार के चार लोगों की बेरहमी से हत्या कर दी गई। पुलिस ने इस सामूहिक हत्याकांड की गुत्थी सुलझाते हुए मृतक के मंझले बेटे सोनसाय कश्यप और उसके बेटे गोलू को हिरासत में लिया है। प्राथमिक जांच में इस कत्लेआम की वजह 'जमीन और पारिवारिक कलह' सामने आई है।
70 वर्षीय बुजुर्ग मेदनी प्रसाद, उनकी पत्नी कांति बाई (65), नाती पीतांबर (17) और मूकबधिर नातिन मोगरा की लाशें खाट पर खून से लथपथ मिलीं। वारदात उस वक्त हुई जब पूरा परिवार खाना खाकर सो रहा था। गुरुवार सुबह करीब 7:30 बजे जब मिस्त्री काम करने पहुंचा, तब इस खूनी खेल का पता चला। सामने का निर्माणाधीन दरवाजा बंद होने के कारण जब वह पीछे के रास्ते से अंदर गया, तो वहां का नजारा देखकर दंग रह गया। इसके बाद सरपंच के जरिए पुलिस को सूचना दी गई।
जांच में सामने आया है कि विवाद की जड़ पुश्तैनी जमीन और घर के भीतर चल रहा आपसी मनमुटाव था। मेदनी प्रसाद अपने निर्माणाधीन मकान के पीछे वाले हिस्से में रह रहे थे। उन्हें क्या पता था कि जिस घर को वो बड़े अरमानों से बनवा रहे हैं, वहीं उनका अपना बेटा और पोता मौत बनकर आएंगे। पुलिस के मुताबिक, संदेह के आधार पर बेटे और पोते को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है और जल्द ही औपचारिक खुलासा किया जाएगा।
Share this post with:
20 Feb 2023
20 Feb 2023