The Bare Truth

छत्तीसगढ़ नगरीय निकाय उपचुनाव: कांग्रेस ने मारी बाजी, 9 में से 6 सीटों पर दर्ज की जीत; बिलासपुर-जगदलपुर में भाजपा को बड़ा झटका

04 Jun 2026  

छत्तीसगढ़ नगरीय निकाय उपचुनाव: कांग्रेस ने मारी बाजी, 9 में से 6 सीटों पर दर्ज की जीत; बिलासपुर-जगदलपुर में भाजपा को बड़ा झटका

Share this post with:

छत्तीसगढ़ के अलग-अलग जिलों के नगरीय निकाय वार्डों में हुए उपचुनाव के नतीजे घोषित हो गए हैं। इन नतीजों में प्रमुख विपक्षी दल कांग्रेस ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बड़ी बढ़त बनाई है, जबकि सत्ताधारी दल भाजपा को बिलासपुर और जगदलपुर जैसे बड़े नगर निगमों में करारी शिकस्त का सामना करना पड़ा है। कुल 9 सीटों पर हुए इस उपचुनाव में कांग्रेस ने 6 सीटों पर कब्जा जमाया है, वहीं भाजपा के खाते में महज 3 सीटें आई हैं।


जगदलपुर नगर निगम के हाईप्रोफाइल माने जाने वाले इंदिरा वार्ड से कांग्रेस प्रत्याशी रामकृष्ण तिवारी ने 436 वोटों के अंतर से जीत दर्ज की है। उन्होंने भाजपा के मनोहर दत्त तिवारी को शिकस्त दी, जिन्हें भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंहदेव का बेहद करीबी माना जाता है। वहीं बिलासपुर नगर निगम के वार्ड क्रमांक 29 में भी कांग्रेस का दबदबा रहा, जहां कांग्रेस प्रत्याशी शेख आजम ने भाजपा के मधुसूदन राव को 1062 वोटों के भारी अंतर से हरा दिया।


इसके अलावा अन्य निकायों की बात करें तो कांग्रेस ने घुमका, पलारी नगर पंचायत (अध्यक्ष पद), चारामा के वार्ड क्रमांक 13 और पखांजूर में भी जीत का परचम लहराया है। दूसरी ओर, भाजपा को सूरजपुर के शिवनंदनपुर, कवर्धा के सहसपुर लोहारा और जांजगीर-चांपा के बमनीडीह में ही सांत्वना जनक जीत मिल सकी है।


इन चुनावी नतीजों के बाद प्रदेश में सियासी बयानबाजी भी तेज हो गई है। जीत से उत्साहित कांग्रेस के पूर्व विधायक विकास उपाध्याय ने तंज कसते हुए कहा कि प्रदेश की जनता का विश्वास महज कुछ समय में ही भाजपा सरकार से पूरी तरह उठ चुका है। वहीं दूसरी तरफ, जगदलपुर के मेयर संजय पांडेय ने इस हार को अप्रत्याशित बताते हुए कहा है कि पार्टी स्तर पर इस हार की विस्तृत समीक्षा की जाएगी।
 

Share this post with:

POPULAR NEWS

© 2022 The Bare Truth. All rights reserved. Developed By Inclusion Web