Share this post with:
नगर पंचायत शिवनंदनपुर में हो रहे पहले आम चुनाव के दौरान कांग्रेस की एकजुटता और रणनीतिक पकड़ पर सवाल उठने लगे हैं। नगर पंचायत चुनाव के अंतिम दौर में कांग्रेस का बिखराव स्पष्ट रूप से नजर आ रहा है, जिसका सीधा लाभ भाजपा को मिलता दिख रहा है। हाल ही में एक थाना घेराव के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, टीएस सिंह देव और पीसीसी चीफ दीपक बैज की एक साथ मौजूदगी को राजनीतिक विश्लेषक आलाकमान के सामने अपना वजूद साबित करने की एक 'नाकाम कोशिश' के रूप में देख रहे हैं।
पार्टी के भीतर केवल शीर्ष स्तर पर ही नहीं, बल्कि क्षेत्रीय स्तर पर भी कांग्रेस बुरी तरह टुकड़ों में बंटी हुई नजर आ रही है। नेताओं के बीच चल रही आपसी खींचतान और भितरघात ने पार्टी की कमर तोड़ दी है। कांग्रेस की इस आंतरिक फूट और आपसी लड़ाई का सीधा लाभ भाजपा को स्पष्ट बढ़त के रूप में मिलता दिखाई दे रहा है।
शिवनंदनपुर के चुनावी रण में स्थानीय बुनियादी मुद्दों के साथ-साथ राष्ट्रीय मुद्दे भी हावी हैं। कांग्रेस के लिए उनके ही नेताओं के हालिया बयान सिरदर्द बन गए हैं। नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत द्वारा जगद्गुरु रामभद्राचार्य पर की गई टिप्पणी और कांग्रेस प्रत्याशी द्वारा एसआइआर (SIR) से हटाए गए बाहरी घुसपैठियों के नाम पुनः जुड़वाने के वादे ने शहरी मतदाताओं को आक्रोशित किया है।
इसके विपरीत, बेहतर चुनाव प्रबंधन और कुशल रणनीति के साथ भाजपा इस चुनाव में काफी आगे निकलती दिखाई दे रही है। भाजपा प्रत्याशी रितेश जायसवाल की सहज छवि भी उनके लिए प्लस पॉइंट साबित हो रही है। चुनाव प्रभारी व पूर्व विधायक रजनीश सिंह की रणनीति में कार्यकर्ता पूरी ताकत झोंक रहे हैं। भाजपा के प्रचार में उप मुख्यमंत्री अरुण साव, प्रभारी मंत्री दयालदास बघेल, पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल, स्थानीय विधायक व मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, विधायक भूलन सिंह मरावी और सरगुजा सांसद चिंतामणि महाराज ने भी मोर्चा संभाला है।
उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने चुनावी सभाओं में विरोधियों पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि विपक्षी दल कांग्रेस लूट के इरादे से नगर पंचायत पर कब्जा करना चाहती है, जबकि भाजपा शिवनंदनपुर के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने याद दिलाया कि नगर पंचायत गठन के महज एक वर्ष में करोड़ों के विकास कार्य स्वीकृत हुए हैं और मास्टर प्लान के जरिए शिवनंदनपुर का कायाकल्प किया जाएगा। कांग्रेस पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश से गुंडाराज खत्म हो चुका है और जनता बखूबी जानती है कि कांग्रेस जिसके लिए आंदोलन कर रही है, वह किस छवि का व्यक्ति है।
Share this post with:
20 Feb 2023
20 Feb 2023