Share this post with:
छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में प्रशासनिक और राजनीतिक टकराव का एक बड़ा मामला सामने आया है। सीतापुर से भाजपा विधायक रामकुमार टोप्पो पर राजापुर उप तहसील के नायब तहसीलदार तुषार मानिक के साथ मारपीट और बदसलूकी करने का आरोप लगा है। घटना के बाद से क्षेत्र में भारी तनाव की स्थिति है। दोनों पक्षों की ओर से एक-दूसरे के खिलाफ मामला दर्ज कराया गया है, जिसके बाद से आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है।
आरोप है कि विधायक रामकुमार टोप्पो और उनके समर्थक राजापुर उप तहसील कार्यालय पहुंचे थे। यहां किसी बात को लेकर बहस शुरू हुई, जो देखते ही देखते हाथापाई में बदल गई। नायब तहसीलदार तुषार मानिक ने आरोप लगाया है कि विधायक और उनके समर्थकों ने न केवल उनके साथ मारपीट की, बल्कि उनके कपड़े तक फाड़ दिए। वहीं, विधायक का दावा है कि तहसीलदार ने उनकी बहन के साथ बदसलूकी की थी, जिसके विरोध में वहां मौजूद समर्थकों ने अपना आक्रोश जताया, लेकिन विधायक ने स्वयं किसी भी प्रकार की मारपीट से इनकार किया है।
घटना के बाद प्रशासन हरकत में आया। नायब तहसीलदार की शिकायत पर पुलिस ने विधायक रामकुमार टोप्पो सहित 10 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की है। वहीं, विधायक की बहन की शिकायत पर नायब तहसीलदार तुषार मानिक के खिलाफ भी मामला दर्ज कर लिया गया है। इस दोहरी कार्रवाई के बाद विधायक समर्थक सीतापुर थाने के सामने धरने पर बैठ गए हैं और पुलिस की कार्रवाई का विरोध कर रहे हैं।
इस पूरे घटनाक्रम ने राजनीतिक रूप ले लिया है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने इस मामले को 'भाजपाइयों की गुंडागर्दी' करार दिया है। बैज ने मुख्यमंत्री पर निशाना साधते हुए सवाल किया है कि क्या सरकार अपने विधायक पर कार्रवाई करते हुए उन्हें जेल भेजेगी। बहरहाल, प्रशासनिक अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के बीच हुआ यह टकराव अब जिले में चर्चा का विषय बना हुआ है।
Share this post with:
28 May 2026
28 May 2026
20 Feb 2023
20 Feb 2023