The Bare Truth

STF कॉलोनी में डबल मर्डर, सोते बच्चे पर 14 वार, मां की भी हत्या

25 Apr 2026  

STF कॉलोनी में डबल मर्डर, सोते बच्चे पर 14 वार, मां की भी हत्या

Share this post with:

दुर्ग के सुपेला इलाके की एक शांत कॉलोनी शनिवार सुबह अचानक चीखों से दहल उठी। STF कॉलोनी के एक घर में घुसकर 25 वर्षीय महिला ने ऐसी खौफनाक वारदात को अंजाम दिया, जिसने पूरे शहर को सन्न कर दिया। 

आरक्षक की पत्नी रीना यादव और उनके 9 साल के मासूम बेटे को आरोपी ने चाकू से बेरहमी से मौत के घाट उतार दिया। बच्चे पर 14 बार वार किए गए—हमले की यह बर्बरता ही पूरे घटनाक्रम की भयावहता बयां करती है। घर में मौजूद दो बेटियां भी इस हमले की चपेट में आईं, जो गंभीर रूप से घायल हैं। वारदात के वक्त आरक्षक ललितेश यादव घर पर नहीं थे। वे सुबह करीब 8 बजे रेलवे स्टेशन रिजर्वेशन कराने निकले थे। पीछे घर में जो हुआ, उसने उनके पूरे परिवार को तबाह कर दिया। 

हमले के दौरान मां ने आखिरी कोशिश में आरोपी का पैर पकड़ लिया और अपनी बेटियों को भागने को कहा। एक बेटी किसी तरह बाहर निकलकर पड़ोसियों तक पहुंची, जबकि दूसरी बाथरूम में छिपकर अपनी जान बचाने में सफल रही। 

पड़ोसियों ने मौके पर पहुंचकर आरोपी को दबोच लिया और उसके हाथ से चाकू छीनकर पुलिस के हवाले कर दिया।
बताया जा रहा है कि आरोपी सरोजनी भारद्वाज एक दिन पहले भी घर आई थी, लेकिन तब उसे समझाकर लौटा दिया गया था। शुरुआती जांच में अवैध संबंधों के एंगल की बात सामने आ रही है, हालांकि पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है। 

एक ही सुबह में उजड़ गया परिवार, और पीछे छोड़ गया कई सवाल—आखिर रिश्तों की उलझन कब इतनी खतरनाक हो जाती है कि इंसान दरिंदगी की हद पार कर देता है?
 

Share this post with:

POPULAR NEWS

© 2022 The Bare Truth. All rights reserved. Developed By Inclusion Web