Share this post with:
बिलासपुर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहाँ कांग्रेस के पूर्व महापौर राजेश पाण्डेय और उनके बेटे राहुल पाण्डेय पर एक अधेड़ बिल्डर अमित शर्मा के साथ मारपीट करने का आरोप लगा है। यह पूरी घटना कॉलोनी के रास्ते को लेकर हुए विवाद का परिणाम है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रविवार को मिनोचा कॉलोनी के रहवासियों ने अपनी सोसाइटी की एक बैठक बुलाई थी। बैठक का मुख्य उद्देश्य बारिश के मौसम से पहले कॉलोनी के गेट और वहां के रास्तों की मरम्मत व साफ-सफाई पर चर्चा करना था।
जब कॉलोनीवासी समस्या के समाधान के लिए गेट के पास पहुंचे, तो पूर्व महापौर राजेश पाण्डेय और उनके बेटे राहुल वहां आ धमके। आरोप है कि उन्होंने कॉलोनीवासियों द्वारा कराए जा रहे काम का विरोध किया और अपने निजी रास्ते के इस्तेमाल को लेकर बहस करने लगे।
देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि बाप-बेटे ने मिलकर बिल्डर अमित शर्मा के साथ सबके सामने मारपीट शुरू कर दी, जिससे वे घायल हो गए।
इस पूरी वारदात का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और चर्चा का विषय बना हुआ है। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों के बीच हुई यह हाथापाई और उसका वीडियो इलाके में तनाव और चर्चा का कारण बना हुआ है।
Share this post with:
20 Feb 2023
20 Feb 2023