The Bare Truth

बेटी की शादी के लिए लोन दिलाने के नाम पर धोखाधड़ी: परिचित ने चेकबुक-ATM रखकर खाते से उड़ाए ₹2.50 लाख

04 Sep 2026  

बेटी की शादी के लिए लोन दिलाने के नाम पर धोखाधड़ी: परिचित ने चेकबुक-ATM रखकर खाते से उड़ाए ₹2.50 लाख

Share this post with:

बेटी के विवाह के लिए बैंक से लोन लेने पहुंचे एक ग्रामीण के साथ धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। मदद का भरोसा दिलाकर एक परिचित व्यक्ति ने पीड़ित का एटीएम कार्ड, पासबुक और चेकबुक अपने पास रख ली और फिर फर्जी हस्ताक्षर कर खाते से 2.50 लाख रुपये निकाल लिए। पीड़ित की शिकायत पर मस्तूरी थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।


मस्तूरी थाना प्रभारी सलीम खाखा के अनुसार, ग्राम आंकडीह निवासी भुनेश्वर दास (44 वर्ष) को अपनी बेटी के विवाह के लिए पैसों की सख्त जरूरत थी। इसी दौरान मस्तूरी तहसील कार्यालय में उसकी पहचान ग्राम सरगंवा निवासी रूपचंद मनहर (47 वर्ष) से हुई। बातचीत के दौरान रूपचंद ने भुनेश्वर को बैंक से आसानी से लोन दिलाने का झांसा दिया और उसे जयरामनगर स्थित एक्सिस बैंक की शाखा ले गया।


लोन प्रक्रिया में मदद का बहाना बनाकर आरोपी रूपचंद ने चालाकी से भुनेश्वर दास की बैंक पासबुक, चेकबुक और एटीएम कार्ड अपने पास रख लिए। इसके बाद उसने चेक पर पीड़ित के फर्जी हस्ताक्षर बनाकर उसके बैंक खाते से 2.50 लाख रुपये की रकम आहरित कर ली। 

 

इस धोखाधड़ी की भनक पीड़ित को उस वक्त लगी जब वह शादी के खर्च के लिए बैंक से रकम निकालने पहुंचा और खाते से पैसे गायब मिले। ठगी का अहसास होते ही पीड़ित ने तुरंत मस्तूरी थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने आरोपी को धर दबोचा।
 

Share this post with:

POPULAR NEWS

© 2022 The Bare Truth. All rights reserved. Developed By Inclusion Web