Share this post with:
छत्तीसगढ़ क्रिकेट प्रीमियर लीग (CCPL) सीजन-3 का रोमांचक अंत तो हुआ, लेकिन खिताबी मुकाबले के दौरान दर्शकों के हंगामे ने खेल भावना को बुरी तरह दागदार कर दिया। रविवार को खेले गए फाइनल महामुकाबले में बिलासपुर बुल्स ने चमचमाती ट्रॉफी पर कब्जा तो जमा लिया, लेकिन स्टेडियम में बैठे कुछ हुड़दंगियों की हरकतों ने इस जीत के जश्न का मजा किरकिरा कर दिया। हालात इस कदर बेकाबू हो गए कि सुरक्षा के मद्देनजर चीयर लीडर्स को बीच मैच में ही मैदान छोड़कर बाहर जाना पड़ा।
दरअसल, सीसीपीएल मैनेजमेंट ने इस स्थानीय टूर्नामेंट को प्रमोट करने और उन आम क्रिकेट प्रेमियों को लाइव मैच का अनुभव देने के लिए स्टेडियम में एंट्री पूरी तरह फ्री रखी थी, जो अमूमन टिकट खरीदकर मैच नहीं देख पाते। मैनेजमेंट की इस दरियादिली का फायदा उठाकर बड़ी संख्या में दर्शक मैच देखने पहुंचे, लेकिन कुछ ही देर में स्टैंड्स का माहौल बिगड़ गया। दर्शकों की भीड़ के बीच जमकर लात-घूंसे चले और हाथापाई शुरू हो गई।
मैच के दौरान हुई इस गुंडागर्दी ने आयोजन की सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोलकर रख दी। मैदान के चुनिंदा और वीआईपी हिस्सों में तो प्राइवेट गार्ड्स मुस्तैद थे, लेकिन जहां सबसे ज्यादा भीड़ थी, उस ऑडियंस गैलरी से सुरक्षाकर्मी पूरी तरह नदारद दिखे। बाउंड्री लाइन के पास हुड़दंग इस कदर बढ़ा कि वहां परफॉर्म कर रहीं चीयर लीडर्स की सुरक्षा पर बन आई, जिसके बाद आनन-फानन में उन्हें मैदान से सुरक्षित बाहर भेजा गया। फ्री एंट्री के चक्कर में बिना पुख्ता सुरक्षा के कराया गया यह आयोजन अब सवालों के घेरे में है।
Share this post with:
20 Feb 2023
20 Feb 2023