Share this post with:
राजधानी रायपुर स्थित डॉ. भीमराव अम्बेडकर स्मृति चिकित्सालय के एडवांस कार्डियक इंस्टीट्यूट (ACI) में हार्ट अटैक और गंभीर हृदय रोगों के इलाज में इस्तेमाल होने वाले महंगे इंजेक्शन और आधुनिक दवाएं अब मरीजों को पूरी तरह निःशुल्क मिल रही हैं।
स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल की पहल पर शुरू की गई इस सुविधा से गरीब और जरूरतमंद परिवारों को निजी मेडिकल स्टोर्स की महंगी खरीदी से बड़ी राहत मिली है। कार्डियोलॉजी विभागाध्यक्ष डॉ. स्मित श्रीवास्तव के अनुसार, बाजार में 35 से 40 हजार रुपये की कीमत में मिलने वाला जीवनरक्षक क्लॉट-बस्टर इंजेक्शन टेनेक्टेप्लेस (20, 30 और 40 मिलीग्राम) और 21 से 22 हजार रुपये वाली मावाकैम्टेन सहित टिकैग्रिलोर, व्यामाडा, एज़ेटिमाइब, इवोलोकुमैब (रिपाथा), सेमाग्लूटाइड और न्यूमोकोकल वैक्सीन अस्पताल में मुफ्त उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
इसके अलावा इमरजेंसी के दौरान खून का थक्का घोलने वाला स्ट्रेप्टोकाइनेज इंजेक्शन और एंजियोग्राफी के लिए जरूरी नॉन-आयोनिक कॉन्ट्रास्ट मीडिया (ऑम्निपेक व विजिपेक) का स्टॉक भी अस्पताल में ही मुहैया कराया जा रहा है।
मेडिकल कॉलेज के डीन डॉ. विवेक चौधरी और अधीक्षक डॉ. संतोष सोनकर ने बताया कि हेपरिन, ह्यूमन एल्ब्यूमिन, एनोक्सापारिन और हाई-एंड एंटीबायोटिक्स जैसी दवाएं इन-हाउस मिलने से इमरजेंसी में परिजनों की बाहरी मेडिकल स्टोर्स पर निर्भरता पूरी तरह खत्म हो गई है। हार्ट अटैक के गोल्डन ऑवर में बिना किसी आर्थिक रुकावट के फौरन सुपर-स्पेशियलिटी इलाज मिलना कार्डियक मरीजों की जान बचाने में मील का पत्थर साबित हो रहा है।
Share this post with:
19 Sep 2026
18 Sep 2026
20 Feb 2023
20 Feb 2023