Share this post with:
छत्तीसगढ़ में मौसम विभाग ने अगले 5 दिनों तक प्रदेशभर में बारिश की संभावना जताई है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, राज्य में आज से मानसूनी गतिविधियों और बारिश की रफ्तार में बढ़ोतरी होगी। इस दौरान अधिकांश इलाकों में हल्की से मध्यम दर्जे की वर्षा होगी, जबकि कई स्थानों पर भारी बारिश के साथ आकाशीय बिजली चमकने और गिरने का यलो/ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
बारिश के चलते राज्य के कई हिस्सों में जनजीवन प्रभावित हुआ है। कोरबा शहर का दादर नाला उफान पर आने से शनिवार सुबह उसे पार कर रही एक स्कॉर्पियो तेज बहाव में डूब गई। कार में सवार तीन युवकों ने तुरंत बाहर कूदकर किसी तरह अपनी जान बचाई; बाद में करीब आधे घंटे की मशक्कत से गाड़ी को बाहर निकाला गया। वहीं, कनकी-सर्वमंगला मुख्य मार्ग पर एसईसीएल (SECL) कुसमुंडा की खदान डंपिंग से भारी मात्रा में मिट्टी और मलबा बहकर सड़क पर आ गया। इस कीचड़ में एक यात्री बस और एक कार फंस गई, जिसमें कार पूरी तरह मलबे में समा गई। राहत की बात यह रही कि किसी भी यात्री को गंभीर चोट नहीं आई।
इधर, सरगुजा जिले के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल मैनपाट घूमने पहुंचे एक युवक-युवती तेज बहाव के दौरान अपनी बाइक समेत घुनघुट्टा नदी में बह गए। घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और राहत दल ने सक्रियता दिखाते हुए रस्सियों के सहारे दोनों को नदी से सुरक्षित बाहर निकाल लिया। मौसम विभाग और प्रशासन ने जलभराव वाले क्षेत्रों व उफनती नदी-नालों के पास जाने से बचने की अपील की है।
Share this post with:
20 Feb 2023
20 Feb 2023