The Bare Truth

उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व में हॉर्नबिल सफारी, दुर्लभ पक्षियों के संरक्षण के साथ स्थानीय युवाओं को मिलेगा रोजगार

24 Jun 2026  

उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व में हॉर्नबिल सफारी, दुर्लभ पक्षियों के संरक्षण के साथ स्थानीय युवाओं को मिलेगा रोजगार

Share this post with:

छत्तीसगढ़ के उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व में वन्यजीव संरक्षण और इको-टूरिज्म को बढ़ावा देने के लिए वन मंत्री केदार कश्यप की पहल पर ‘हॉर्नबिल सफारी’ शुरू करने का निर्णय लिया गया है. यह सफारी विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूह (पीवीटीजी) के गांवों ओढ़, अमलोर और आमामोरा में संचालित की जाएगी. इस अनूठी पहल से दुर्लभ मालाबार पाइड हॉर्नबिल के संरक्षण को मजबूती मिलने के साथ ही स्थानीय ग्रामीणों और युवाओं के लिए रोजगार के नए रास्ते खुलेंगे. 

टाइगर रिजर्व में पिछले चार वर्षों के दौरान एंटी-पोचिंग अभियान, फलदार वृक्षों के रोपण और ‘हॉर्नबिल रेस्टोरेंट’ जैसे नवाचारों के चलते मालाबार पाइड हॉर्नबिल की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है. इसके लिए गठित विशेष ट्रैकिंग टीम और स्थानीय ट्रैकर्स लगातार पक्षियों के घोंसलों और आवास क्षेत्रों की निगरानी कर रहे हैं. प्रस्तावित हॉर्नबिल सफारी के प्रारंभिक चरण के लिए दो जिप्सी वाहनों की व्यवस्था की गई है, जिससे पर्यटक, पक्षी प्रेमी और शोधकर्ता प्राकृतिक माहौल में इन पक्षियों का दीदार कर सकेंगे. 

इस सफारी की सबसे बड़ी खूबी स्थानीय समुदायों की सीधी भागीदारी है. पीवीटीजी गांवों के युवाओं को बर्ड वॉचिंग और नेचर गाइड का विशेष प्रशिक्षण दिया जा रहा है, जिससे उन्हें स्थायी आय और रोजगार मिलेगा. रायपुर से करीब 130 किलोमीटर दूर स्थित यह रिजर्व मालाबार पाइड हॉर्नबिल के अलावा शाहीन बाज, भारतीय पिट्टा, विशाल गिलहरी और उड़न गिलहरी जैसे दुर्लभ वन्यजीवों का घर है. इस सफारी से जुड़ी विस्तृत जानकारी और बुकिंग के लिए पर्यटक मोबाइल नंबर 7976688165, 7566510937 या आधिकारिक वेबसाइट www.udantisitanaditigerreserve.in पर संपर्क कर सकते हैं.
 

Share this post with:

POPULAR NEWS

© 2022 The Bare Truth. All rights reserved. Developed By Inclusion Web