Share this post with:
छत्तीसगढ़ के बालोद थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम नेवारीकला में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां एक महिला ने अपने पति की दूसरी पत्नी की बेहद बेरहमी से हत्या कर दी। आरोपी महिला ने सो रही सौतन पर पहले खाट के पाए से ताबड़तोड़ वार किए और फिर गन्ना काटने वाली आरी से उसका गला रेत दिया। पुलिस ने आरोपी पहली पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है। मंगलवार को इस पूरे अंधे कत्ल का सनसनीखेज खुलासा हुआ।
पुलिस जांच में पता चला है कि पति द्वारा दूसरी पत्नी को घर में रखने और उसे ज्यादा तवज्जो देने से पहली पत्नी बेहद नाराज थी। इसी बात को लेकर दोनों महिलाओं के बीच लंबे समय से खींचतान और विवाद चल रहा था। सौतन से छुटकारा पाने के लिए पहली पत्नी ने 6 महीने पहले ही हत्या की खौफनाक साजिश रच ली थी।
जानकारी के मुताबिक, नेवारीकला निवासी चिम्मनलाल साहू (40 वर्ष) मजदूरी का काम करता है। करीब 5 साल पहले उसने प्रेम संबंध के चलते गांव के ही दूसरे मोहल्ले में रहने वाली दयाबाई सोनकर (47 वर्ष) को अपनी दूसरी पत्नी बनाकर घर में रख लिया था। तभी से उसकी पहली पत्नी अमृत बाई साहू और दयाबाई के बीच तनातनी बनी रहती थी।
सोमवार रात करीब 11 बजे जब घर के सभी सदस्य खाना खाकर सो गए, तब अमृत बाई ने मौका पाकर सो रही दयाबाई पर हमला बोल दिया। उसने पहले खाट के पाए से दयाबाई की गर्दन पर कई वार किए जिससे वह बेसुध हो गई, इसके बाद गन्ना काटने वाली आरी से उसका गला बेरहमी से रेत कर उसे मौत के घाट उतार दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी महिला रात में ही चुपचाप घर से निकलकर खेतों की तरफ भाग गई, जहां उसने अपनी खून से सनी साड़ी बदली। पुलिस को गुमराह करने और किसी को शक न हो, इसलिए वह तड़के करीब साढ़े 3 बजे वापस अपने घर लौट आई। हालांकि, पुलिस की तफ्तीश के आगे उसकी यह चालाकी धरी की धरी रह गई।
Share this post with:
25 Jun 2026
23 Jun 2026
20 Feb 2023
20 Feb 2023