The Bare Truth

कोरिया में इंसानियत शर्मसार, चरित्र शंका में पति ने पत्नी को बंधक बनाकर बेरहमी से पीटा; सिर मुंडवाकर और कालिख पोतकर पिलाई पेशाब

19 Jun 2026  

कोरिया में इंसानियत शर्मसार, चरित्र शंका में पति ने पत्नी को बंधक बनाकर बेरहमी से पीटा; सिर मुंडवाकर और कालिख पोतकर पिलाई पेशाब

Share this post with:

छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले के पटना थाना क्षेत्र से एक रूह कंपा देने वाली और इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली वारदात सामने आई है। यहाँ पंडोपारा स्थित काटकोना गांव में एक पति ने क्रूरता की सारी हदें पार करते हुए अपनी ही पत्नी को बंधक बनाकर न सिर्फ बेरहमी से पीटा, बल्कि उसका सिर मुंडवाकर और पेशाब पिलाकर अमानवीय यातनाएं दीं। पीड़ित महिला की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी पति की सरगर्मी से तलाश शुरू कर दी है।

 

जानकारी के मुताबिक, पीड़ित महिला और आरोपी पति की साल 2006 में लव मैरिज हुई थी, लेकिन पिछले कुछ समय से दोनों के बीच अनबन चल रही थी और महिला पति से अलग पंडोपारा में रह रही थी। इसी बात से नाराज पति ने पहले अपनी पत्नी के हाथ-पैर रस्सी से बांध दिए, फिर उसके कपड़े फाड़कर उसे जूतों और थप्पड़ों से बेरहमी से पीटा। इसके बाद आरोपी ने कैंची से महिला के बाल काटे, उसका सिर मुंडवा दिया और चेहरे पर कालिख पोत दी।

 

इस भयानक घटनाक्रम में आरोपी ने अपने बच्चों को भी इस कृत्य में शामिल किया और पिता के कहने पर बच्चों ने भी अपनी मां पर हाथ उठाया। इसके बाद भी जब आरोपी का मन नहीं भरा, तो उसने अमानवीयता की पराकाष्ठा पार करते हुए बच्चे से अपनी ही मां को पेशाब पिलवाई और बाद में खुद भी उसके साथ यही घिनौना कृत्य किया।

 

आरोपी ने इस पूरी वारदात का एक वीडियो भी रिकॉर्ड किया, जिसमें वह यह कहता हुआ सुनाई दे रहा है कि महिला बच्चों को छोड़कर किसी और के साथ रह रही थी। वारदात के बाद बदहवास पीड़िता ने किसी तरह पुलिस स्टेशन पहुंचकर आपबीती सुनाई, जिसके बाद पुलिस ने तत्काल एफआईआर (FIR) दर्ज कर ली है। पुलिस की टीमें फरार आरोपी पति को दबोचने के लिए अलग-अलग ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।

 

Share this post with:

POPULAR NEWS

© 2022 The Bare Truth. All rights reserved. Developed By Inclusion Web