Share this post with:
रायपुर नगर निगम में जमीन से जुड़े एक बड़े खेल का खुलासा हुआ है। जोन-10 अमलीडीह कार्यालय से करीब 100 एकड़ जमीन से संबंधित अहम फाइल गायब हो गई है। यह फाइल बोरियाकला इलाके के ओम नगर, साईं नगर और बिलाल नगर के 69 भूखंडों के लेआउट से जुड़ी बताई जा रही है।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, यह फाइल तय प्रक्रिया के तहत निगम मुख्यालय भेजे जाने की बजाय सीधे टाउन एंड कंट्री प्लानिंग (नगर निवेश) विभाग पहुंचा दी गई। अधिकारियों का कहना है कि यह नियमों के खिलाफ है और इसी कड़ी में फाइल के गायब होने से बड़े स्तर पर गड़बड़ी की आशंका जताई जा रही है।
मामले में बिल्डरों को फायदा पहुंचाने की आशंका भी सामने आई है। निगम प्रशासन इसे सामान्य लापरवाही नहीं, बल्कि सुनियोजित साजिश मानकर जांच कर रहा है।
कार्रवाई करते हुए निगम आयुक्त ने जोन-10 के जोन कमिश्नर विवेकानंद दुबे को तत्काल प्रभाव से मुख्यालय अटैच कर दिया है। उनकी जगह मोनेश्वर शर्मा को जिम्मेदारी सौंपी गई है। नए जोन कमिश्नर ने कहा है कि मामले में FIR दर्ज कराने की तैयारी की जा रही है, ताकि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो सके।
निगम मुख्यालय के अधिकारियों का कहना है कि फाइलों के निस्तारण की एक तय प्रक्रिया होती है, जिसमें पहले मुख्यालय स्तर पर परीक्षण होता है। ऐसे में प्रक्रिया से हटकर फाइल का भेजा जाना और फिर उसका गायब होना पूरे सिस्टम पर सवाल खड़े करता है।
नगर निगम ने पूरे मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं और आने वाले दिनों में इस जमीन घोटाले से जुड़े और खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।
Share this post with:
20 Feb 2023
20 Feb 2023