Share this post with:
बिलासपुर के सकरी थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे पर फर्जी पुलिस बनकर सक्रिय एक गिरोह का सनसनीखेज मामला सामने आया है। बदमाशों ने ट्रक चालक को पहले पुलिस कार्रवाई का डर दिखाया, फिर उसके साथ बेरहमी से मारपीट कर अगवा कर लिया। आरोपियों ने ट्रक में लोड तंबाकू की बोरियां और नकदी भी लूट ली। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गिरोह के चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार मध्यप्रदेश के उमरिया निवासी सुरेंद्र जायसवाल ट्रक चालक हैं। वे 9 मई को ट्रक क्रमांक CG 04 MP 466 में गेहूं और तंबाकू लेकर शहडोल से बिलासपुर की ओर आ रहे थे। रास्ते में सकरी थाना क्षेत्र के हांफा के पास ट्रक खराब हो गया, जिसके बाद चालक ने वाहन को सड़क किनारे ढाबे के पास खड़ा कर दिया।
इसी दौरान सुबह करीब 8 बजे एक कार (CG 10 BD 7204) में सवार चार युवक वहां पहुंचे। आरोपियों ने खुद को पुलिसकर्मी बताते हुए ट्रक की तलाशी लेना शुरू कर दिया। इसके बाद उन्होंने ट्रक से 9 बोरी तंबाकू नीचे उतार ली और चालक सुरेंद्र जायसवाल को धमकाते हुए उसके साथ मारपीट की।
आरोपी चालक को जबरन अपनी कार में बैठाकर साथ ले गए। इस दौरान उससे करीब 8 हजार रुपए भी छीन लिए गए। घटना के बाद मामले की शिकायत सकरी थाने में दर्ज कराई गई, जिस पर पुलिस ने जांच शुरू की।
सीएसपी निमितेश सिंह ने बताया कि पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरोह के चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। उनके कब्जे से लूटी गई तंबाकू भी बरामद कर ली गई है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि गिरोह ने इससे पहले भी ऐसी वारदातों को अंजाम दिया है या नहीं।
Share this post with:
20 Feb 2023
20 Feb 2023