Share this post with:
छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के भिलाई नगर थाना क्षेत्र में साइबर ठगी का एक बड़ा मामला सामने आया है, जहां ठगों ने एक रिटायर्ड बीएसपी (भिलाई इस्पात संयंत्र) कर्मचारी को 45 लाख 18 हजार 998 रुपए का चूना लगा दिया। शातिर ठगों ने पीड़ित को वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण, दिग्गज क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर और प्रमुख समाजसेवी सुधा मूर्ति के नाम वाले फर्जी विज्ञापन दिखाकर भारी मुनाफे वाले निवेश का लालच दिया था। मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मध्य प्रदेश के बैतूल से विशाल नागले (24) नाम के एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि गिरोह के मुख्य सरगना की तलाश अभी जारी है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि ठगों ने बीएसपी के रिटायर्ड कर्मचारी को एक संदिग्ध लिंक भेजा था। इसके बाद रजिस्ट्रेशन फीस, ट्रेडिंग, मार्जिन मनी, सोने व कच्चे तेल में निवेश और टैक्स निकासी जैसे अलग-अलग बहानों से उनसे किस्तों में कुल 45.18 लाख रुपए ट्रांसफर करवा लिए गए। जब पीड़ित को ठगी का अहसास हुआ, तब उन्होंने थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मध्य प्रदेश के बैतूल में दबिश देकर विशाल नागले को धर दबोचा।
पुलिस के अनुसार, पकड़ा गया आरोपी विशाल महज 9वीं फेल है और पेशे से मजदूरी करता है। वह साल 2020 में काम की तलाश में पुणे गया था, जहां उससे लॉट में ऑनलाइन बैंक खाता खुलवाया गया था। ठगी की पूरी रकम इसी बैंक खाते में मंगवाई गई थी। पुलिस अब पकड़े गए आरोपी के बैंक खातों और ट्रांजैक्शन की पड़ताल कर रही है ताकि इस अंतरराज्यीय साइबर सिंडिकेट के मुख्य मास्टरमाइंड तक पहुंचा जा सके।
Share this post with:
16 Aug 2026
15 Aug 2026
20 Feb 2023
20 Feb 2023