Share this post with:
श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने मंदिर प्रशासन और प्रबंधन को अधिक पारदर्शी व सुदृढ़ बनाने के लिए एक बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है। बुधवार को आयोजित ट्रस्ट की अहम बैठक में भारतीय वायुसेना के पूर्व एयर मार्शल जितेंद्र मिश्रा को अयोध्या राम मंदिर का पहला मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) नियुक्त करने का निर्णय लिया गया।
मूल रूप से उत्तर प्रदेश के देवरिया के रहने वाले जितेंद्र मिश्रा एक कुशल रणनीतिकार रहे हैं और वे सैन्य सेवा के दौरान 'ऑपरेशन सिंदूर' में पश्चिमी वायु कमान का सफल नेतृत्व कर चुके हैं।
बैठक के दौरान ट्रस्ट के बोर्ड का विस्तार करते हुए तीन नए सदस्यों को ट्रस्टी मनोनीत किया गया।
इनमें दिल्ली के महेश भागचंदका, अयोध्या के वरिष्ठ अधिवक्ता मदन मोहन पांडेय और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) से जुड़ीं शिकोहाबाद निवासी निर्मला यादव शामिल हैं। इस नियुक्ति के साथ ही निर्मला यादव राम मंदिर ट्रस्ट में शामिल होने वाली पहली महिला सदस्य बन गई हैं। नए सदस्यों के आने से ट्रस्ट के सामाजिक व प्रशासनिक प्रतिनिधित्व को नया आयाम मिला है।
गौरतलब है कि यह बड़ा प्रशासनिक बदलाव मंदिर में हुई वित्तीय अनियमितताओं और चढ़ावा चोरी कांड के बाद उठाया गया कदम है। बीते 7 जून को परिसर से चढ़ावा चोरी का सनसनीखेज मामला सामने आया था, जिसमें पुलिस अब तक 8 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। इसी मामले की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए 2 जुलाई को ट्रस्ट के तत्कालीन महासचिव चंपत राय और ट्रस्टी अनिल मिश्रा ने अपने पदों से इस्तीफा दे दिया था। उनके इस्तीफे के बाद रिटायर्ड आईएफएस (IFS) अधिकारी कृष्ण मोहन को ट्रस्ट का कार्यवाहक महासचिव नियुक्त किया गया था।
Share this post with:
20 Feb 2023
20 Feb 2023