Share this post with:
कोरबा जिले के श्यांग थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बरपाली में लिव-इन पार्टनर द्वारा महिला की हत्या कर शव को सेप्टिक टैंक में छिपाने का रोंगटे खड़े कर देने वाला मामला सामने आया है। वारदात के बाद से नशे का आदी आरोपी मनोज उरांव (40) मौके से फरार है।
जानकारी के अनुसार, करतला निवासी 33 वर्षीय संतोषी के पति की करीब 15 साल पहले मौत हो चुकी थी और उसके 4 बच्चे हैं। वहीं मनोज की पत्नी की भी मौत हो चुकी थी, जिसके बाद संतोषी पिछले दो साल से उसके साथ बरपाली में लिव-इन में रह रही थी। आरोप है कि 27 अगस्त को किसी बात पर हुए विवाद के दौरान आरोपी ने संतोषी की इतनी बेरहमी से पिटाई की कि उसकी मौके पर ही मौत हो गई। गुनाह छिपाने के लिए उसने शव को घर के पीछे बने सेप्टिक टैंक में फेंककर ऊपर से ढक्कन बंद कर दिया।
वारदात के अगले दिन रक्षाबंधन पर जब संतोषी अपने भाइयों को राखी बांधने मायके नहीं पहुंची, तो परिजनों ने उसकी खोजबीन शुरू की। पूछने पर आरोपी मनोज ने यह कहकर गुमराह कर दिया कि वह एक दिन पहले ही कहीं चली गई है।
जब कई दिनों तक संतोषी का कोई सुराग नहीं मिला, तो अनहोनी की आशंका में 19 सितंबर को उसका भाई रामभरोस परिजनों के साथ मनोज के घर पहुंचा। वहां घर के पीछे सेप्टिक टैंक के पास से आ रही तेज दुर्गंध ने पूरे हत्याकांड का राज खोल दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और टैंक से क्षत-विक्षत शव को बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या और साक्ष्य छिपाने का जुर्म दर्ज कर उसकी तलाश में दबिश तेज कर दी है।
Share this post with:
20 Feb 2023
20 Feb 2023