Share this post with:
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा संचालित 'महतारी वंदन योजना' प्रदेश की महिलाओं के जीवन में बड़ा बदलाव ला रही है। यह योजना न सिर्फ महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बना रही है, बल्कि विपरीत परिस्थितियों में उनके आत्मसम्मान को भी बचा रही है। ऐसी ही एक कहानी सूरजपुर जिले के ग्राम पीढ़ा की रहने वाली श्रीमती धन कुंवर राजवाड़े की है, जिनके लिए यह योजना उनके सबसे कठिन समय में एक बड़ा सहारा बनकर सामने आई है।
श्रीमती धन कुंवर ने बताया कि उनके पति स्वर्गीय सागम साय राजवाड़े के आकस्मिक निधन के बाद उनके ऊपर घर और जीवन की जिम्मेदारियों का पहाड़ टूट पड़ा था। ऐसे मुश्किल वक्त में महतारी वंदन योजना के तहत हर महीने मिलने वाली नियमित वित्तीय सहायता ने उन्हें बहुत बड़ी राहत दी। इस योजना से मिलने वाली राशि का उपयोग वे मुख्य रूप से अपनी बढ़ती उम्र में स्वास्थ्य की देखभाल और जरूरी दवाइयां खरीदने के लिए कर रही हैं। धन कुंवर भावुक होकर कहती हैं कि यह राशि उनके लिए सिर्फ एक सरकारी मदद नहीं, बल्कि उनके खोए हुए आत्मविश्वास की वापसी है।
अब उन्हें अपनी छोटी-बड़ी दैनिक जरूरतों के लिए किसी के आगे हाथ नहीं फैलाना पड़ता और न ही किसी पर निर्भर रहना पड़ता है।
धन कुंवर का मानना है कि महतारी वंदन योजना ने ग्रामीण अंचल की महिलाओं को समाज में सम्मानपूर्वक जीने का हक दिया है। उन्होंने इस संवेदनशील और जनकल्याणकारी कदम के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े के प्रति दिल से आभार जताया है। आज यह योजना छत्तीसगढ़ की लाखों महिलाओं के लिए सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन का असली प्रतीक बन चुकी है।
Share this post with:
20 Feb 2023
20 Feb 2023