Share this post with:
छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए एक लग्जरी कार से करीब साढ़े सात किलो सोने की ज्वेलरी जब्त की है, जिसकी बाजार में कीमत 9 करोड़ 17 लाख रुपए से ज्यादा बताई जा रही है। मामला सिंघोड़ा थाना क्षेत्र का है, जहां एनएच-353 स्थित रेहटीखोल चेक पोस्ट पर रविवार रात 17 मई को पुलिस टीम ओडिशा की ओर से आने वाले वाहनों की सख्त चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध वोक्सवैगन वर्टस कार (क्रमांक GJ 03 NP 4230) को रोका गया, जिसमें तीन लोग सवार थे।
पुलिस की शुरुआती पूछताछ में कार सवारों के जवाब संदिग्ध लगे और वे लगातार घबराने लगे। इसके बाद जब पुलिस ने कार की बारीकी से तलाशी ली, तो पिछली सीट के नीचे शातिर तरीके से बनाया गया एक सीक्रेट चेंबर (तहखाना) मिला। इस चेंबर को खोलने पर उसके भीतर दो पीठू बैग बरामद हुए, जिनमें छह प्लास्टिक बॉक्स के अंदर भारी मात्रा में सोने के जेवरात छिपाकर रखे गए थे। जब पुलिस ने कार सवारों से इस सोने के वैध दस्तावेज और बिल मांगे, तो वे कोई भी कागज पेश नहीं कर सके।
पुलिस ने तत्काल 9.17 करोड़ रुपए से अधिक मूल्य के सोने के गहनों को जब्त कर कार सवार तीनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान जयेश अकबरी (32), सुनीत कारेना (22) और रूशी अग्रावत (26) के रूप में हुई है, जो गुजरात के राजकोट के रहने वाले हैं। पुलिस फिलहाल तीनों संदिग्धों से कड़ी पूछताछ कर रही है कि यह सोना कहां से लाया जा रहा था और इसे कहां खपाने की तैयारी थी। इस बड़े मामले की सूचना आयकर विभाग को भी दे दी गई है।
Share this post with:
19 May 2026
19 May 2026
20 Feb 2023
20 Feb 2023