The Bare Truth

रायपुर में मैकेनिक की खुदकुशी का मामला, परिजनों ने कहा - वसूली के लिए बनाया जा रहा था दबाव

12 Jul 2026  

रायपुर में मैकेनिक की खुदकुशी का मामला, परिजनों ने कहा - वसूली के लिए बनाया जा रहा था दबाव

Share this post with:

छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के खमतराई थाना इलाके में एक मैकेनिक की खुदकुशी के मामले में एक बेहद चौंकाने वाला मोड़ आया है। खमतराई निवासी महेश दास मानिकपुरी की मौत के करीब 9 दिन बाद उसके मोबाइल से एक सुसाइड वीडियो मिला है, जिसने पुलिस महकमे में हड़कंप मचा दिया है। वीडियो में मृतक महेश दास रोते हुए साफ तौर पर कह रहा है कि वह प्रतिमा और बंटी नाम के पुलिस वाले की वजह से फांसी लगा रहा है, जिन्होंने उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित कर उसकी जिंदगी बर्बाद कर दी और उसे मरने के लिए मजबूर किया। इस खुलासे के बाद मृतक के परिजनों ने पुलिस पर अवैध वसूली के लिए दबाव बनाने का गंभीर आरोप लगाते हुए थाने में शिकायत दर्ज कराई है।


यह पूरा मामला 3 जुलाई का है, जब महेश दास मानिकपुरी ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। बताया जा रहा है कि महेश की पत्नी कुछ दिनों पहले ही उसे छोड़कर मायके चली गई थी, जिससे वह परेशान था। आत्महत्या के बाद परिजनों ने महेश का मोबाइल सुरक्षित रख लिया था। जब 9 दिन बाद उन्होंने मोबाइल को चालू कर उसकी जांच की, तो उसमें महेश द्वारा रिकॉर्ड किया गया यह आख़िरी वीडियो मिला। वीडियो में महेश ने तड़पते हुए आरोप लगाया कि क्राइम ब्रांच खमतराई में पदस्थ पुलिसकर्मी बंटी, प्रतिमा मानिकपुरी, मोगरा दास, गोपीदास मानिकपुरी और उसके पिता ने मिलकर उसे बहुत ज्यादा परेशान किया है।


वीडियो सामने आने के बाद पीड़ित परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है और उन्होंने दोषी पुलिसकर्मी बंटी सहित अन्य सभी नामजद लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।

 

परिजनों का आरोप है कि पुलिसकर्मी बंटी लगातार महेश पर वसूली के लिए मानसिक दबाव बना रहा था, जिससे तंग आकर उसने मौत को गले लगा लिया। इधर, मैकेनिक की खुदकुशी से पहले का यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस के उच्च अधिकारियों ने मामले को गंभीरता से लिया है और परिजनों को निष्पक्ष जांच का आश्वासन देते हुए मामले की तफ्तीश शुरू कर दी है।
 

Share this post with:

POPULAR NEWS

© 2022 The Bare Truth. All rights reserved. Developed By Inclusion Web