Share this post with:
शहर की कचहरी रोड पर शनिवार को एक ऐसा नजारा देखने को मिला, जिसे देखकर हर कोई हैरान रह गया। यहां एक बंदर ने वकील साहब का 2 लाख रुपये से भरा बैग झपट लिया और पेड़ पर चढ़कर नोटों की ऐसी बारिश की कि नीचे मौजूद लोगों की भीड़ बेकाबू हो गई। घटना सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है।
जानकारी के मुताबिक, एक वकील अपनी रजिस्ट्री का बैनामा तैयार कराने के लिए स्टाम्प विक्रेता के पास पहुंचे थे। उनके हाथ में 2 लाख रुपये नकद से भरा बैग था। वकील साहब कुछ समझ पाते, उससे पहले ही वहां घूम रहे एक बंदर ने फुर्ती दिखाते हुए उनके हाथ से बैग छीन लिया। इससे पहले कि वकील कुछ कर पाते, बंदर पेड़ की ऊंची डाल पर जा बैठा।
पेड़ पर चढ़कर बंदर ने बैग की चेन खोली और 500-500 रुपये के नोट हवा में उड़ाने शुरू कर दिए। सड़क पर नोटों की बारिश होते देख कचहरी परिसर में अफरा-तफरी मच गई। नीचे खड़े वकील साहब और आसपास मौजूद लोग हक्का-बक्का रह गए। कुछ ही देर में नीचे नोट लूटने वालों की भीड़ जुट गई।
हालात को देखते हुए एक युवक हिम्मत जुटाकर पेड़ पर चढ़ा। काफी मशक्कत के बाद बंदर बैग छोड़कर वहां से भाग निकला। अंततः वकील को उनका बैग तो वापस मिल गया, लेकिन इस 'नोटों की बारिश' में कुछ नकदी के गायब होने की आशंका जताई जा रही है। मौके पर मौजूद लोगों ने इस पूरी घटना को अपने मोबाइल में कैद कर लिया। स्थानीय लोगों का कहना है कि कचहरी क्षेत्र में बंदरों का आतंक लंबे समय से बना हुआ है, लेकिन इस तरह से लूट की यह अनोखी घटना चर्चा का विषय बनी हुई है।
Share this post with:
20 Feb 2023
20 Feb 2023