The Bare Truth

मानसून ने केरल में दी दस्तक, छत्तीसगढ़ में 3 दिन अंधड़-बारिश का अलर्ट; रायपुर-राजनांदगांव 42 डिग्री के साथ सबसे गर्म

05 Jun 2026  

मानसून ने केरल में दी दस्तक, छत्तीसगढ़ में 3 दिन अंधड़-बारिश का अलर्ट; रायपुर-राजनांदगांव 42 डिग्री के साथ सबसे गर्म

Share this post with:

देश में दक्षिण-पश्चिम मानसून का इंतजार खत्म हो गया है। गुरुवार 4 जून को मानसून ने केरल में दस्तक दे दी है। हालांकि, सामान्य तौर पर मानसून 1 जून तक केरल पहुंच जाता है, लेकिन इस बार इसकी एंट्री तीन दिन की देरी से हुई है। छत्तीसगढ़ में फिलहाल मानसून के पहुंचने में थोड़ा वक्त है, लेकिन मौसम के बदलते मिजाज के बीच कल देर रात रायगढ़ समेत कुछ इलाकों में तेज बारिश दर्ज की गई।


मौसम विभाग (IMD) ने छत्तीसगढ़ के लिए अगले तीन दिनों का 'येलो अलर्ट' जारी किया है। इसके तहत प्रदेश के अलग-अलग इलाकों में गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने और 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज अंधड़ चलने की चेतावनी दी गई है।


तापमान का हाल और बारिश के आंकड़े


मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, पिछले 24 घंटे के दौरान प्रदेश के अधिकतम तापमान में कोई खास बदलाव नहीं देखा गया है, जबकि न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हुई है। राजधानी रायपुर और राजनांदगांव 42 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान के साथ प्रदेश के सबसे गर्म शहर रहे। वहीं, सबसे कम न्यूनतम तापमान 23.3 डिग्री सेल्सियस अंबिकापुर में रिकॉर्ड किया गया।


अगर बारिश की बात करें, तो बीते 24 घंटे में प्रदेश के कुछ ही हिस्सों में हल्की बौछारें पड़ी हैं। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार छोटेडोंगर, मैनपाट और अंबिकापुर में 10-10 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई है। आने वाले दिनों में अंधड़ और हल्की बारिश के कारण लोगों को उमस और गर्मी से थोड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
 

Share this post with:

POPULAR NEWS

© 2022 The Bare Truth. All rights reserved. Developed By Inclusion Web