Share this post with:
छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले के कुरूद थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम गोजी में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां एक मां ने अपने छोटे बेटे के साथ मिलकर अपने ही बड़े बेटे की बेरहमी से हत्या कर दी। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी मां और बेटे दोनों को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में सामने आया कि मृतक को शराब पीने की बुरी लत थी, जो इस खौफनाक वारदात की वजह बनी।
पुलिस जांच के मुताबिक, युवक हर दिन की तरह शराब पीने के लिए घर पर पैसों की मांग कर रहा था। जब परिवार के सदस्यों ने उसे पैसे देने से साफ इनकार कर दिया, तो वह उग्र हो गया और घर में विवाद व मारपीट करने लगा। युवक के रोज-रोज के झगड़े और हरकतों से तंग आकर मां और छोटे भाई ने उसे रास्ते से हटाने का मन बना लिया।
विवाद के दौरान दोनों आरोपियों ने मिलकर पहले नारियल की रस्सी से युवक का गला घोंट दिया। गला दबाने के बाद भी जब उन्हें शक हुआ कि कहीं वह जिंदा न बच जाए, तो उन्होंने क्रूरता की हदें पार करते हुए उसे कीटनाशक (जहर) भी पिला दिया। इसके बाद वारदात को पूरी तरह छिपाने और पुलिस को गुमराह करने के लिए मां-बेटे ने एक सोची-समझी साजिश रची। उन्होंने शव को घर में ही फंदे से लटका दिया ताकि पूरी घटना एक सामान्य आत्महत्या का मामला नजर आए। हालांकि, पुलिस की सूझबूझ और जांच के आगे आरोपियों की यह साजिश नाकाम रही और दोनों अब सलाखों के पीछे हैं।
Share this post with:
03 Jul 2026
03 Jul 2026
20 Feb 2023
20 Feb 2023