Share this post with:
नवा रायपुर अटल नगर अब केवल प्रशासनिक गतिविधियों तक सीमित न रहकर छत्तीसगढ़ के सबसे बड़े निवेश, उद्योग और रोजगार के केंद्र के रूप में तेजी से उभर रहा है। सुनियोजित शहरी विकास और आधुनिक अधोसंरचना के बल पर यहां टेक्सटाइल, फार्मा, इलेक्ट्रॉनिक्स, सेमीकंडक्टर, एआई और आईटी जैसे भविष्य के प्रमुख उद्योगों का मजबूत इकोसिस्टम तैयार किया जा रहा है। सेक्टर-वार क्लस्टर विकास की रणनीति के चलते नवा रायपुर 'राजधानी' से आगे बढ़कर प्रदेश की नई 'रोजगारधानी' के रूप में अपनी मजबूत पहचान बना रहा है, जिससे आने वाले समय में 23 हजार से अधिक युवाओं के लिए प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रोजगार के नए द्वार खुलेंगे।
विनिर्माण और रोजगार को गति देने के लिए नवा रायपुर के ग्राम कुर्रू (लेयर-2) में 100 एकड़ में टेक्सटाइल पार्क विकसित किया जा रहा है, जहां अकेले 10,000 युवाओं को रोजगार देने का लक्ष्य है। इसमें स्विफ्ट टेक्सटाइल द्वारा 235 करोड़ रुपए की लागत से गारमेंट यूनिट शुरू की जा रही है, जिससे 4,650 लोगों को काम मिलेगा, वहीं पुनीत क्रिएशन के साथ 175 करोड़ का समझौता हुआ है।
इसके साथ ही स्वास्थ्य और दवा निर्माण को बढ़ावा देने के लिए सेक्टर-22 में 132 एकड़ में फार्मा पार्क तैयार हो रहा है। लगभग 2,000 करोड़ रुपए के निवेश और 1,400 रोजगार के लक्ष्य वाली इस परियोजना में टोरेंट फार्मा, एविला फार्मास्युटिकल्स और विटालिस हेल्थ जैसी दिग्गज कंपनियों के साथ 735 करोड़ रुपए के एमओयू हो चुके हैं।
बड़े उद्योगों के अलावा जमीनी स्तर पर विनिर्माण को मजबूती देने के लिए सेक्टर-05 में एमएसएमई (MSME) क्लस्टर विकसित किया गया है, जहां वर्तमान में 1,000 से अधिक लोग कार्यरत हैं और भविष्य में 12,000 से अधिक नए रोजगार सृजित होंगे। वहीं घरेलू उपकरण और इलेक्ट्रॉनिक्स क्षेत्र में यश फैंस ने 110 करोड़ रुपए के निवेश से यूनिट शुरू की है। नवा रायपुर में केंद्र सरकार की स्वीकृति से इलेक्ट्रॉनिक कॉमन फैसिलिटी सेंटर (CFC) भी स्थापित किया जा रहा है, जिसमें 3D प्रिंटिंग, PCB प्रोटोटाइपिंग और EMC टेस्टिंग जैसी अत्याधुनिक सुविधाएं मिलेंगी।
हाई-टेक और डिजिटल अर्थव्यवस्था को साधते हुए सेक्टर-22 में सीबीडी रेलवे स्टेशन के पास करीब 1,000 करोड़ रुपए की लागत से एआई आधारित डेटा सेंटर पार्क बनाया जा रहा है, जिसे रैकबैंक 13.5 एकड़ में तैयार कर रही है, जबकि CtrlS भी अपना डेटा सेंटर लगाने जा रही है। इलेक्ट्रॉनिक्स व इंजीनियरिंग एसईजेड में पॉलीमेटेक इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड 5G/6G तकनीक के लिए GaN आधारित सेमीकंडक्टर चिप्स का निर्माण करेगी।
शहर में 2,000 सीटों वाला प्लग एंड प्ले आईटी इंफ्रास्ट्रक्चर पहले से कार्यरत है, जिसमें कई आईटी कंपनियां काम कर रही हैं। सीबीडी रेलवे स्टेशन और सेक्टर-1 व 40 में प्रस्तावित लॉजिस्टिक्स हब के जरिए यह शहर पूरे मध्य भारत का एक आधुनिक इंडस्ट्रियल हब बनने की ओर अग्रसर है।
Share this post with:
20 Feb 2023
20 Feb 2023