The Bare Truth

अबूझमाड़ के जंगलों में नक्सलियों का 'खजाना' बरामद: जमीन के नीचे दबा मिला 1 करोड़ कैश, भारी मात्रा में गोला-बारूद भी जब्त

12 May 2026  

अबूझमाड़ के जंगलों में नक्सलियों का 'खजाना' बरामद: जमीन के नीचे दबा मिला 1 करोड़ कैश, भारी मात्रा में गोला-बारूद भी जब्त

Share this post with:

छत्तीसगढ़ के अबूझमाड़ में सुरक्षाबलों ने नक्सलियों की कमर तोड़ते हुए एक बड़ी कामयाबी हासिल की है। मंगलवार को अबूझमाड़-महाराष्ट्र बॉर्डर पर चले सर्च ऑपरेशन के दौरान सुरक्षाबलों को नक्सलियों का एक बड़ा 'डंप' (गुप्त ठिकाना) मिला है। हैरान करने वाली बात यह है कि इस ठिकाने से जमीन के नीचे दबाया गया 1 करोड़ रुपये नगद बरामद किया गया है।


सुरक्षाबलों की टीम जब सीमावर्ती इलाकों में तलाशी अभियान चला रही थी, तब अलग-अलग जगहों पर जमीन के नीचे छिपाकर रखे गए कई ड्रम और बोरे मिले। जब इनकी जांच की गई, तो नोटों की गड्डियां देख अधिकारी भी दंग रह गए। पुलिस अब इस बात की गहराई से तफ्तीश कर रही है कि इतनी बड़ी रकम नक्सलियों के पास कहां से आई और इसे किस मकसद के लिए जमा किया गया था।


कैश के अलावा इस डंप से मौत का सामान भी भारी मात्रा में बरामद हुआ है। सुरक्षाबलों को मौके से IED बनाने के उपकरण, अत्याधुनिक हथियार, भारी मात्रा में गोला-बारूद और विस्फोटक सामग्री मिली है। इसके साथ ही नक्सलियों के दैनिक उपयोग का सामान और कुछ महत्वपूर्ण पोस्टर भी मिले हैं, जिनके बारे में दावा किया जा रहा है कि वे बड़े नक्सली लीडरों के हैं।


नारायणपुर पुलिस का मानना है कि इतनी बड़ी मात्रा में नगद और हथियारों का मिलना नक्सलियों के किसी बड़े ऑपरेशन की योजना को दर्शाता है, जिसे सुरक्षाबलों ने समय रहते नाकाम कर दिया है। बरामद सामग्रियों के आधार पर अब उन इलाकों को चिन्हित किया जा रहा है जहाँ नक्सलियों की सक्रियता बनी हुई है।
 

Share this post with:

POPULAR NEWS

© 2022 The Bare Truth. All rights reserved. Developed By Inclusion Web