Share this post with:
छत्तीसगढ़ में तेंदूपत्ता गोदामों में आग लगने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। बस्तर जिले के सरगीपाल स्थित एक तेंदूपत्ता गोदाम में बुधवार को अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया, जिससे गोदाम में रखे करीब 1 हजार बोरे तेंदूपत्ता जलकर राख हो गए। सूचना मिलते ही वन अमला और दमकल की टीमें मौके पर पहुंचीं और घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
फिलहाल आग लगने के कारणों और कुल नुकसान का सटीक आकलन किया जा रहा है।
बीजापुर के बाद राज्य में यह दूसरी बड़ी घटना है। इससे पहले सोमवार को बीजापुर में एक निजी तेंदूपत्ता गोदाम आग का शिकार बना था, जो कहीं अधिक विनाशकारी साबित हुआ। उस हादसे में लगभग 18 हजार बोरे जलकर खाक हो गए थे। प्राथमिक अनुमान के मुताबिक, बीजापुर की घटना में सरकारी और निजी संपत्ति को 10 करोड़ रुपये से अधिक का नुकसान पहुंचा है।
लगातार हो रही इन घटनाओं के बाद राज्य सरकार ने प्रशासनिक स्तर पर बड़ी कार्रवाई की है। लापरवाही और सुरक्षा मानकों के उल्लंघन को देखते हुए सरकार ने बीजापुर के डीएफओ रमेश जांगड़े को उनके पद से हटा दिया है। उनकी जगह अब डीएफओ सागर जाधव को जिम्मेदारी सौंपी गई है। लगातार हो रही आगजनी की इन घटनाओं ने वन विभाग की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं और प्रशासन अब चौकसी बढ़ा रहा है।
Share this post with:
28 May 2026
28 May 2026
20 Feb 2023
20 Feb 2023