The Bare Truth

PWD सचिव ने दिए अफसरों को हफ्ते में 2 दिन फील्ड में रहने के निर्देश, टेंडर वाले काम अक्टूबर तक शुरू करने का अल्टीमेटम

20 Aug 2026  

PWD सचिव ने दिए अफसरों को हफ्ते में 2 दिन फील्ड में रहने के निर्देश, टेंडर वाले काम अक्टूबर तक शुरू करने का अल्टीमेटम

Share this post with:

लोक निर्माण विभाग (PWD) के सचिव मुकेश कुमार बंसल ने नवा रायपुर स्थित ‘निर्माण भवन’ में बिलासपुर परिक्षेत्र के विभागीय और निर्माण कार्यों की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक ली। बैठक में सचिव ने स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और समय-सीमा विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है, जिसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही या समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। 

 

उन्होंने अधिकारियों को प्रो-एक्टिव होकर प्राक्कलन (एस्टिमेट) से लेकर टेंडर तक की सभी प्रक्रियाएं समयबद्ध तरीके से निपटाने और नए प्रस्ताव तैयार करते समय भविष्य की जरूरतों व बढ़ते ट्रैफिक का विशेष ध्यान रखने को कहा। बैठक में प्रमुख अभियंता वी.के. भतपहरी और अपर सचिव एस.एन. श्रीवास्तव सहित वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।


निर्माण कार्यों में कसावट लाने के लिए विभागीय सचिव ने सभी मैदानी अभियंताओं को सप्ताह में कम से कम दो दिन अनिवार्य रूप से फील्ड में रहकर कार्यों की कड़ी मॉनिटरिंग और निरीक्षण करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि ठेकेदारों के काम पर लगातार नजर रखी जाए और हर चरण में गुणवत्ता परीक्षण सुनिश्चित किया जाए ताकि मजबूत और टिकाऊ सड़कें-भवन तैयार हों। सचिव ने निर्देश दिया कि जिन नए कार्यों की टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है, उन्हें आगामी अक्टूबर तक हर हाल में धरातल पर शुरू कराया जाए। साथ ही कार्यपालन अभियंताओं को संबंधित जिला कलेक्टरों से समन्वय बनाकर कार्यस्थलों की समस्याओं का त्वरित निराकरण कराने को कहा गया।

 


बैठक में सड़कों के रखरखाव और लैंड रिकॉर्ड्स को लेकर भी सख्त दिशा-निर्देश जारी किए गए। सचिव ने बारिश के कारण क्षतिग्रस्त हुई सड़कों और पुल-पुलियों की तत्काल मरम्मत करने को कहा, ताकि आम जनता का आवागमन सुचारू बना रहे। इसके अलावा कार्यपालन अभियंताओं और एसडीओ को संबंधित एसडीएम से समन्वय कर अधिग्रहित भूमि के नामांतरण (म्यूटेशन) के नए और पुराने सभी प्रकरणों को एक माह के भीतर निपटाने का लक्ष्य दिया गया। वहीं, पूरे हो चुके निर्माण कार्यों को संबंधित विभागों को तुरंत हैंडओवर करने तथा विश्रामगृहों व सर्किट हाउस परिसरों में बेहतर साफ-सफाई और रखरखाव सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
 

Share this post with:

POPULAR NEWS

© 2022 The Bare Truth. All rights reserved. Developed By Inclusion Web