The Bare Truth

22 करोड़ के दो नए ओवरब्रिज पहली बारिश में ही जवाब दे गए: 15 दिन पहले खुले बरगा ओवरब्रिज में आई 70 फीट लंबी दरार, आलीवारा में धंसी सड़क

07 Jul 2026  

22 करोड़ के दो नए ओवरब्रिज पहली बारिश में ही जवाब दे गए: 15 दिन पहले खुले बरगा ओवरब्रिज में आई 70 फीट लंबी दरार, आलीवारा में धंसी सड़क

Share this post with:

छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले में मानसून की पहली बारिश ने ही रेलवे के निर्माण कार्यों और दावों की पोल खोलकर रख दी है। राजनांदगांव और डोंगरगढ़ के बीच करीब 22 करोड़ रुपये की लागत से बने दो नए रेलवे ओवरब्रिज (ROB) पहली ही बारिश में क्षतिग्रस्त हो गए। इसमें से बरगा रेलवे ओवरब्रिज तो बीच से फटकर दो हिस्सों में बंटता नजर आ रहा है, जहाँ करीब 60-70 फीट लंबी और 10-12 सेंटीमीटर चौड़ी डरावनी दरारें आ गई हैं। हैरान करने वाली बात यह है कि इस ओवरब्रिज का लोकार्पण महज 15 दिन पहले ही हुआ था।


दूसरी तरफ, इसी रूट पर बने आलीवारा ओवरब्रिज की हालत भी बदतर हो गई है। यहाँ भारी बारिश के कारण सड़क का एक बड़ा हिस्सा बह गया है, ब्रिज के किनारे की बाउंड्री टूट चुकी है और कई जगहों पर इसका बेस (नींव) धंस गया है। हादसों को रोकने के लिए प्रशासन ने फिलहाल बैरिकेड्स लगाकर रास्तों को सुरक्षित करने की कोशिश की है।


गौरतलब है कि इन दोनों ओवरब्रिज को पिछले महीने जून में ही आम जनता के आवागमन के लिए खोला गया था। पहली ही बारिश में करोड़ों के पुलों की यह हालत देखकर स्थानीय ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। लोगों का सीधा आरोप है कि निर्माण कार्य में जमकर लापरवाही बरती गई है और पुल की नींव मजबूत नहीं बनाई गई। ग्रामीणों ने यह भी शिकायत की कि इतनी बड़ी घटना की सूचना देने के बावजूद कोई भी रेलवे अधिकारी समय पर मौके पर नहीं पहुंचा। मामले में रेलवे के असिस्टेंट इंजीनियर मिथिलेश कुमार का कहना है कि उनकी टेक्निकल टीम मौके पर जाकर पूरे मामले का बारीकी से निरीक्षण करेगी।
 

Share this post with:

POPULAR NEWS

© 2022 The Bare Truth. All rights reserved. Developed By Inclusion Web