Share this post with:
ऑनलाइन फार्मेसी कंपनियों की मनमानी और भारी छूट के विरोध में आज प्रदेश भर केमिस्ट एसोसिएशन लामबंद हो गए हैं, जिससे छत्तीसगढ़ में करीब 18 हजार मेडिकल स्टोर बंद हैं। इस हड़ताल का असर रायपुर, बिलासपुर, रायगढ़, सरगुजा और बस्तर समेत पूरे प्रदेश में साफ दिखाई दे रहा है, जहां सुबह से ही थोक और रिटेल मेडिकल दुकानों के शटर नहीं खुले हैं।
दुकानें बंद रहने के कारण दवा कारोबारी सड़कों पर उतर आए हैं। सरगुजा में केमिस्ट संघ ने बाइक रैली निकालकर अपोलो फार्मेसी के सामने जमकर नारेबाजी की और दुकान बंद करवाई, जो अग्रसेन चौक, जय स्तंभ चौक, महामाया चौक और संगम चौक से होते हुए घड़ी चौक तक पहुंची।
वहीं, रायगढ़ में करीब 760 दुकानों को बंद कराकर दवा विक्रेताओं ने रामनिवास टॉकीज चौक पर प्रदर्शन किया। बस्तर और जगदलपुर में भी लगभग 420 दुकानों पर ताले लटके रहे, जहां केमिस्ट महारानी अस्पताल के सामने विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं।
दुकानें बंद होने से मरीजों को हो रही दिक्कतों को देखते हुए कुछ जिलों में केमिस्टों ने राहत के लिए इमरजेंसी नंबर जारी किए हैं। दवा संगठनों का स्पष्ट कहना है कि ऑनलाइन फार्मेसी कंपनियों द्वारा दी जा रही भारी छूट से छोटे मेडिकल स्टोर्स का कारोबार पूरी तरह प्रभावित हो रहा है और यदि सरकार ने उचित कदम नहीं उठाए तो छोटे दुकानदारों का अस्तित्व खत्म हो जाएगा। फिलहाल, इस हड़ताल के कारण दवा बाजार में सन्नाटा पसरा है और आम मरीजों की परेशानी बढ़ गई है।
Share this post with:
20 Feb 2023
20 Feb 2023