The Bare Truth

रायगढ़ डबल मर्डर,13 साल पुराने जमीन विवाद में बुजुर्ग दंपती को कुल्हाड़ी से काटा, दो सगे भाई गिरफ्तार

18 Jul 2026  

रायगढ़ डबल मर्डर,13 साल पुराने जमीन विवाद में बुजुर्ग दंपती को कुल्हाड़ी से काटा, दो सगे भाई गिरफ्तार

Share this post with:

छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में हुए सनसनीखेज दोहरे हत्याकांड का खुलासा करते हुए धरमजयगढ़ थाना पुलिस ने तत्परता से कार्रवाई की और वारदात को अंजाम देने वाले दो सगे भाइयों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों ने 14 जुलाई की रात क्रोंधा गांव में एक बुजुर्ग दंपती की कुल्हाड़ी (टांगी) से ताबड़तोड़ वार कर बेरहमी से हत्या कर दी थी और साक्ष्य मिटाने के लिए उनके घर में आग लगा दी थी, ताकि मामला एक सामान्य हादसा नजर आए। 

 

पुलिस की कड़ी पूछताछ में पकड़े गए हत्यारे भाइयों ने कबूला कि यह जघन्य हत्याकांड साल 2013 से चली आ रही जमीन की एक पुरानी रंजिश का नतीजा है। दरअसल, दोनों भाइयों ने एक स्थानीय किसान से 4 एकड़ जमीन का सौदा तय किया था, लेकिन तभी रिटायर्ड SECL कर्मचारी मंगल राठिया ने ज्यादा कीमत देकर वह जमीन खुद खरीद ली और वहां मकान बनाकर खेती करने लगे।


जमीन का सौदा हाथ से निकल जाने के बाद से दोनों आरोपी भाई पिछले 13 सालों से बदले की फिराक में थे और इसी रंजिश के चलते उन्होंने पूरे दंपती को खत्म करने की खौफनाक साजिश रची। वारदात वाली रात दोनों भाई हाथ में टांगी लेकर मंगल राठिया के घर पहुंचे और दरवाजा खुलते ही उन पर जानलेवा हमला कर दिया। 

 

चीख-पुकार सुनकर जब उनकी पत्नी पुनाई बाई बीच-बचाव करने आईं, तो कातिलों ने उन्हें भी नहीं छोड़ा और कुल्हाड़ी से काटकर मौत के घाट उतार दिया। वारदात के बाद दोनों ने साक्ष्य छुपाने के लिए पूरे घर को फूंक दिया, जिससे शव भी बुरी तरह झुलस गए। हालांकि, दोहरे कत्ल की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घेराबंदी की और दोनों शातिर आरोपियों को दबोच लिया। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल हथियार जब्त कर दोनों सगे भाइयों के खिलाफ मर्ग कायम कर जेल भेजने की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
 

Share this post with:

POPULAR NEWS

© 2022 The Bare Truth. All rights reserved. Developed By Inclusion Web