Share this post with:
छत्तीसगढ़ में मानसूनी बारिश का सिलसिला लगातार जारी है। पिछले 24 घंटे के दौरान प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई, जबकि सरगुजा संभाग के कई इलाकों में भारी बारिश हुई है। मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर छत्तीसगढ़ में अगले 4 दिनों तक बारिश का यह दौर बना रह सकता है। हालांकि, अच्छी बारिश के बावजूद प्रदेश में चालू मानसून सीजन में अब तक सामान्य से 9 फीसदी कम पानी गिरा है।
लगातार हो रही बारिश के चलते कोरबा स्थित मिनीमाता बांगो बांध का जलस्तर 92.48 फीसदी तक पहुंच गया है। बांध में बढ़ते जलभराव को देखते हुए प्रशासन ने एहतियातन 5 गेट खोलकर 3005 क्यूसेक पानी हसदेव नदी में छोड़ना शुरू कर दिया है। बांध से भारी मात्रा में पानी छोड़े जाने के बाद प्रशासन ने हसदेव नदी के तटीय और निचले इलाकों में स्थित 35 गांवों में बाढ़ का अलर्ट जारी कर दिया है।
प्रभावित गांवों में बांगो, चर्रा, पोड़ी-उपरोड़ा, कोनकोना, लेपरा, दुनियाकछार, पाथा, गाड़ाघाट, छिनमेर, कछार, कलमीपारा, सिलीयारीपारा, जूनापारा, तिलाईडाड, डुगुपारा, टुंगुमांड़ा, छिर्रापारा, मछलीबाटा, कोरियाघाट, धनगांव, डोंगाघाट, नरमदा, औराकछार, सोनगुड़ा, जेलगांव, झाबू, नवागांव, तिलसाभाटा, लोतलोता, स्याहीमुड़ी, कोडा, हथमार, झोरा और सिरकीकला शामिल हैं, जहां मुनादी कराकर ग्रामीणों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।
आंकड़ों के मुताबिक, बीते 24 घंटों में सबसे अधिक 130 मिमी बारिश कोटाडोल में रिकॉर्ड की गई। वहीं, शंकरगढ़ और पोड़ी उपरोड़ा में 110-110 मिमी, सन्ना, दौरा कोचली व रघुनाथनगर में 80-80 मिमी और जनकपुर-भरतपुर में 70 मिमी बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा बलरामपुर, वाड्रफनगर, चलगली और सामरी में 60-60 मिमी तथा रतनपुर, कुनकुरी, बेलतरा, पचपेड़ी, भैसमा, कोरबा, बेलगहना, मनोरा, सकरी और मस्तूरी में 50-50 मिमी बारिश दर्ज की गई है।
Share this post with:
16 Aug 2026
15 Aug 2026
20 Feb 2023
20 Feb 2023