Share this post with:
छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में ऑनलाइन सट्टेबाजी के बड़े नेटवर्क का खुलासा हुआ है। सोशल मीडिया पर एक्टिव रहने वाला इन्फ्लुएंसर बाबू खेमानी अब पुलिस जांच में IPL सट्टा सिंडिकेट का मास्टरमाइंड निकला है। उसने ‘3 STUMPS’ नाम की वेबसाइट बनाकर इंडियन प्रीमियर लीग मैचों में सट्टा खिलवाने का पूरा सिस्टम तैयार किया था।
13 अप्रैल को गंज थाना में उसके खिलाफ FIR दर्ज की गई, जिसके बाद से वह फरार है। पुलिस को आशंका है कि आरोपी विदेश में बैठकर पूरे नेटवर्क को ऑपरेट कर रहा है।
बताया जा रहा है कि यह सिंडिकेट कुख्यात महादेव सट्टा नेटवर्क की तर्ज पर चलाया जा रहा था। रायपुर से लेकर मुंबई, पुणे और गोवा तक इसके तार जुड़े हुए हैं। इन शहरों में उसके रिश्तेदार और करीबी ‘पैनल’ चलाकर सट्टा ऑपरेट करते थे।
विदेश में बैठकर कंट्रोल, शहरों में बंटा था पूरा नेटवर्क
जांच में सामने आया है कि सिंडिकेट का ऑपरेशन पूरी तरह से संगठित था। अलग-अलग लोगों को अलग जिम्मेदारी दी गई थी—कोई अकाउंट संभाल रहा था, कोई पैसों का लेन-देन और कोई नए ग्राहकों को जोड़ने का काम कर रहा था। बाबू खेमानी खुद देश से बाहर रहकर पूरे सिस्टम की मॉनिटरिंग करता था।
सट्टे के पैसों से जीता था लग्जरी लाइफ
सूत्रों के मुताबिक, IPL सट्टे से कमाए गए पैसों से वह आलीशान जिंदगी जी रहा था। महंगी गाड़ियों, ब्रांडेड लाइफस्टाइल और विदेशी ट्रिप्स पर पैसा पानी की तरह बहाता था। सोशल मीडिया पर उसकी लाइफस्टाइल इसी काले धंधे की कमाई से खड़ी बताई जा रही है।
20 से ज्यादा आरोपी गिरफ्तार, मास्टरमाइंड की तलाश जारी
रायपुर पुलिस इस नेटवर्क से जुड़े 20 से ज्यादा लोगों को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। अब पुलिस का फोकस मुख्य आरोपी बाबू खेमानी पर है, जिसके विदेशी कनेक्शन और बैंकिंग ट्रांजेक्शन की भी जांच की जा रही है। यह मामला साफ करता है कि ऑनलाइन सट्टेबाजी अब सिर्फ लोकल नहीं, बल्कि मल्टी-सिटी और इंटरनेशनल नेटवर्क बन चुकी है, जहां मास्टरमाइंड पर्दे के पीछे रहकर पूरे खेल को कंट्रोल करता है।
Share this post with:
20 Feb 2023
20 Feb 2023