The Bare Truth

अशोकधाम में खंभा गिरने के बाद फैली करंट की अफवाह: मंदिर मार्ग पर मची भगदड़ में 7 महिलाओं की मौत, 12 घायल;

17 Aug 2026  

अशोकधाम में खंभा गिरने के बाद फैली करंट की अफवाह: मंदिर मार्ग पर मची भगदड़ में 7 महिलाओं की मौत, 12 घायल;

Share this post with:

बिहार के लखीसराय जिले में सोमवार को अशोकधाम स्टेशन से मंदिर जाने वाले रास्ते पर अचानक मची भगदड़ में 7 महिलाओं की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 12 से अधिक श्रद्धालु गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां कुछ की हालत नाजुक होने के कारण मृतकों का आंकड़ा बढ़ने की आशंका जताई जा रही है। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और प्रशासन ने राहत व बचाव कार्य शुरू किया।
घटना को लेकर लखीसराय के डीएम शैलेंद्र कुमार ने बताया कि मंदिर मार्ग पर पुरुषों की कतार की तरफ अचानक एक खंभा गिर पड़ा। इसके गिरते ही भीड़ में यह अफवाह फैल गई कि चालू बिजली का तार लोगों पर गिर गया है और करंट फैल रहा है, जबकि हकीकत में वह केवल डिश या इंटरनेट का केबल वायर था। 

 

करंट की अफवाह से पुरुषों की कतार में भारी अफरा-तफरी मच गई और भीड़ का पूरा दबाव पास ही स्थित महिलाओं की कतार पर आ गया। अचानक हुए इस दबाव के चलते महिलाएं संभल नहीं सकीं और एक-दूसरे के ऊपर गिरती चली गईं, जिससे दम घुटने और दबने से यह बड़ा हादसा हो गया।


हादसे में जान गंवाने वाली 7 महिलाओं में से 4 की पहचान कर ली गई है। इनमें लखीसराय की रहने वाली मधुबाला देवी, मनमाला देवी, हेमलता देवी और मुंगेर निवासी रिंकू देवी शामिल हैं, जबकि अन्य मृतकों की शिनाख्त की प्रक्रिया जारी है। इस दुखद घटना पर शोक व्यक्त करते हुए सरकार की ओर से मृतकों के आश्रितों को 4-4 लाख रुपए की आर्थिक सहायता (मुआवजा) देने की घोषणा की गई है।
 

Share this post with:

POPULAR NEWS

© 2022 The Bare Truth. All rights reserved. Developed By Inclusion Web