Share this post with:
छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के पेंड्रावन स्थित स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम स्कूल में शिक्षकों की भारी कमी को लेकर छात्र-छात्राओं का आक्रोश फूट पड़ा। मंगलवार दोपहर कक्षा 9वीं से 12वीं तक के करीब 400 छात्र-छात्राओं ने खैरागढ़-धमधा मुख्य मार्ग पर बैठकर चक्काजाम कर दिया, जो लगभग 12 घंटे तक चला और आधी रात 12 बजे जाकर समाप्त हुआ।
मौके पर एसडीएम, एसडीओपी, तहसीलदार और स्कूल शिक्षा विभाग के सहायक संचालक सहित प्रशासनिक अमला पहुंचा, लेकिन छात्र अपनी मांगों पर अड़े रहे। आखिरकार स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव से फोन पर सीधी बातचीत और ठोस आश्वासन मिलने के बाद ही विद्यार्थियों ने आंदोलन खत्म किया।
प्रदर्शन के दौरान छात्रों की मुख्य मांग स्कूल में 17 नियमित शिक्षकों की पदस्थापना, विशेषकर आर्ट्स और कॉमर्स संकाय में पढ़ाई सुचारू करने की थी। छात्रों के दबाव के बाद प्रशासन ने तत्काल प्रभाव से मौजूदा प्राचार्य को हटाते हुए नए प्राचार्य की नियुक्ति की और 4 नए शिक्षकों की वैकल्पिक व्यवस्था की, जिससे स्कूल में शिक्षकों की संख्या बढ़कर 7 हो गई है। इसके साथ ही छात्रों की मांग पर स्कूल परिसर में संचालित ओपन स्कूल व्यवस्था को अगले शैक्षणिक सत्र से पूरी तरह बंद करने का निर्णय लिया गया और कॉमर्स संकाय के लिए भी जल्द शिक्षक उपलब्ध कराने का भरोसा दिया गया है।
Share this post with:
20 Feb 2023
20 Feb 2023