The Bare Truth

सरकार-CJP की दूसरी दौर की वार्ता आज; वांगचुक का 26वें दिन अनशन खत्म, 17 मेट्रो स्टेशन बंद

24 Jul 2026  

सरकार-CJP की दूसरी दौर की वार्ता आज; वांगचुक का 26वें दिन अनशन खत्म, 17 मेट्रो स्टेशन बंद

Share this post with:

दिल्ली के जंतर-मंतर पर NEET पेपर लीक मामले को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के नेतृत्व में जारी छात्रों के प्रदर्शन के बीच बड़ी खबर आ रही है। गतिरोध सुलझाने के लिए शुक्रवार दोपहर 12:30 बजे दिल्ली के कॉन्स्टिट्यूशन क्लब में सरकार और CJP प्रतिनिधियों के बीच दूसरे दौर की औपचारिक बातचीत होगी। इससे पहले 20 जुलाई को केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा के आवास पर हुई वार्ता बेनतीजा रही थी।


गौरतलब है कि गुरुवार को सरकार ने CJP को 4 बार बातचीत का न्योता भेजा था, जिसे CJP ने यह कहते हुए खारिज कर दिया था कि वे किसी मंत्री के घर नहीं जाएंगे और वार्ता किसी न्यूट्रल वेन्यू (तटस्थ स्थान) पर होनी चाहिए। आखिरकार सरकार के रुख में लचीलापन आने के बाद कॉन्स्टिट्यूशन क्लब को वार्ता स्थल चुना गया है।
 

रात 12:30 बजे मेदांता पहुंचे मंत्री, वांगचुक ने तोड़ा अनशन


आंदोलन का प्रमुख चेहरा रहे सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक ने 26वें दिन अपना अनशन खत्म कर दिया है। गुरुवार देर रात करीब 12:30 बजे केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा और डॉ. जितेंद्र सिंह गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल पहुंचे। दोनों मंत्रियों ने वांगचुक को जूस पिलाकर उनका अनशन तुड़वाया। वांगचुक ने सोशल मीडिया पर बताया कि देश में संभावित हिंसा को टालने और लंबे विचार-विमर्श के बाद उन्होंने यह कदम उठाया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट साझा कर वांगचुक से डॉक्टरों की सलाह मानकर शीघ्र स्वास्थ्य लाभ लेने की अपील की।

 

पेपर लीक पर लाएंगे कड़ा कानून


CJP के चौतरफा दबाव के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार देर रात एक वीडियो संदेश जारी किया। PM ने कहा कि पेपर लीक मामले में सख्त से सख्त कार्रवाई के लिए सरकार नया कानून और ड्राफ्ट तैयार कर रही है, जिसे केंद्रीय कैबिनेट में चर्चा के बाद संसद में पेश किया जाएगा। उन्होंने यह भी घोषणा की कि दोषियों को तुरंत सजा दिलाने के लिए फास्ट-ट्रैक अदालतों का गठन किया जा रहा है।


इधर CJP के प्रवक्ता आशुतोष रांका ने बयान जारी कर कहा कि सरकार छात्रों के भारी दबाव में है, यही वजह है कि प्रधानमंत्री को देर रात वीडियो जारी करना पड़ा। हालांकि CJP ने साफ कर दिया है कि जब तक केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा नहीं होता, जंतर-मंतर पर उनका शांतिपूर्ण प्रदर्शन जारी रहेगा।


सेंट्रल दिल्ली के 17 मेट्रो स्टेशन बंद


लगातार तीसरे दिन भी सेंट्रल दिल्ली में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। CJP के प्रदर्शन और उपद्रव की आशंका को देखते हुए दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) ने पुलिस के निर्देश पर राजीव चौक, लोक कल्याण मार्ग, पटेल चौक और सेंट्रल सेक्रेटेरिएट समेत दिल्ली के 17 प्रमुख मेट्रो स्टेशनों को प्रवेश और निकास के लिए बंद कर दिया है।
 

Share this post with:

POPULAR NEWS

© 2022 The Bare Truth. All rights reserved. Developed By Inclusion Web