Share this post with:
राजधानी रायपुर के बलवीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में रक्षाबंधन से पूर्व भाई-बहन के स्नेह और राष्ट्ररक्षा के संकल्प के साथ ‘स्नेह की डोर’ कार्यक्रम का भावपूर्ण आयोजन हुआ। कार्यक्रम में स्कूली छात्राओं, दिव्यांग बेटियों और महिला स्व-सहायता समूहों की दीदियों ने सीआईएसएफ, बीएसएफ, आईटीबीपी, सीआरपीएफ, सेना और पुलिस के लगभग 800 जवानों की कलाइयों पर रक्षा सूत्र बांधे। इस दौरान सबसे भावुक क्षण तब देखने को मिला जब वर्ष 2017 में रक्षाबंधन की पूर्व संध्या पर नक्सली मुठभेड़ में वीरगति को प्राप्त हुए शहीद उपनिरीक्षक युगल किशोर वर्मा की धर्मपत्नी श्रीमती माधुरी वर्मा ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय को राखी बांधी।
मुख्यमंत्री ने शहीद के सर्वोच्च बलिदान को नमन करते हुए कहा कि शहीदों के परिवार हमारे अपने हैं और सरकार उनके सम्मान व हर सुख-दुख में सदैव साथ खड़ी है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि नक्सलवाद का खात्मा ही प्रदेश की बहनों के लिए सुरक्षा और विश्वास का सबसे बड़ा उपहार है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन में सुरक्षा बलों के अदम्य साहस से बस्तर सहित पूरा छत्तीसगढ़ अब हिंसा मुक्त होकर शांति और विकास के नए युग में प्रवेश कर रहा है।
उन्होंने घोषणा की कि रक्षाबंधन के उपलक्ष्य में महतारी वंदन योजना की 31वीं किस्त के तहत प्रदेश की करीब 68 लाख बहनों के बैंक खातों में 631 करोड़ रुपये की राशि अंतरित की जाएगी। राज्य में अब तक 13 लाख 85 हजार बहनें लखपति दीदी बन चुकी हैं और 2.42 लाख से अधिक महिला स्व-सहायता समूहों के जरिए महिलाएं आत्मनिर्भर बन रही हैं। कार्यक्रम में वन मंत्री केदार कश्यप ने भी सुरक्षा बलों के योगदान की सराहना करते हुए राष्ट्रीय एकता और सामाजिक सजगता पर बल दिया।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने रायपुर जिला प्रशासन एवं विभिन्न विभागों द्वारा तैयार पांच अभिनव प्रोजेक्ट्स का शुभारंभ भी किया। इसके तहत ‘हरित पोषणम्’ के जरिए आंगनबाड़ियों और महिला समूहों को फलदार पौधे व उन्नत बीज देकर पोषण वाटिकाएं तैयार की जाएंगी। वहीं ‘प्रोजेक्ट निरामय’ के अंतर्गत जिले के 215 स्कूलों के 65,920 विद्यार्थियों की स्वास्थ्य एवं रक्त जांच कर आवश्यकतानुसार निःशुल्क उपचार उपलब्ध कराया जाएगा।
इसके अलावा सामाजिक समरसता, संस्कृति और युवा नेतृत्व को बढ़ावा देने के लिए हर माह ‘तिरंगा शक्ति फेस्ट’ का आयोजन होगा, जबकि ‘रायपुर अनफिल्टर्ड’ पॉडकास्ट के माध्यम से राज्य की प्रमुख हस्तियों व कलाकारों के अनुभवों को साझा किया जाएगा। साथ ही ‘प्रोजेक्ट अहिगुण्डिकः’ के तहत सौंरा (सपेरा) समुदाय के परिवारों को आयुष्मान कार्ड, पक्के आवास और अन्य शासकीय जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने का विशेष अभियान चलाया जाएगा।
Share this post with:
20 Feb 2023
20 Feb 2023