Share this post with:
इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय (IGKV) में बीएससी कृषि के प्रश्नपत्र लीक मामले में दुर्ग के भारती कॉलेज प्रबंधन ने बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई की है। पुलिस द्वारा कॉलेज के असिस्टेंट लेक्चरर और पेपर लीक के मुख्य सूत्रधार योगेश सोनकेसरिया सहित 6 आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद प्रबंधन ने सख्त रुख अपनाते हुए कॉलेज के प्राचार्य डॉ. ए.के. दुबे को लापरवाही बरतने के आरोप में नौकरी से बर्खास्त कर दिया है। इसके साथ ही मास्टरमाइंड योगेश सोनकेसरिया की सेवाएं भी तत्काल प्रभाव से समाप्त कर दी गई हैं।
इस बीच मास्टरमाइंड की गिरफ्तारी के बाद कृषि संकाय के छात्रों ने परीक्षा प्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करते हुए चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। नाम न छापने की शर्त पर छात्रों ने बताया कि यह फर्जीवाड़ा केवल कीटशास्त्र (एंटोमोलॉजी) तक सीमित नहीं था, बल्कि पूरे सेमेस्टर के कई प्रमुख विषयों के प्रश्नपत्र लीक किए जा रहे थे।
छात्रों का दावा है कि परीक्षा शुरू होने से कुछ घंटे पहले नहीं, बल्कि करीब 24 घंटे पहले (सुबह लगभग 11 बजे ही) प्रश्नपत्र की पीडीएफ फाइलें छात्रों के बीच पहुंच जाती थीं। यह पूरा रैकेट प्रति विषय लगभग 5,000 की दर से छात्रों को पेपर उपलब्ध करा रहा था, जिसके बाद यह सोशल मीडिया पर तेजी से फैलता चला गया। पुलिस अब इन दावों के आधार पर अन्य सेमेस्टर परीक्षाओं के संभावित लीक एंगल और वित्तीय लेन-देन की गहन जांच कर रही है।
Share this post with:
22 Aug 2026
22 Aug 2026
20 Feb 2023
20 Feb 2023