Share this post with:
छत्तीसगढ़ के बिलासपुर शहर के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत खपरगंज इलाके में शुक्रवार रात सोशल मीडिया पर कथित हिंदू विरोधी टिप्पणी को लेकर दो पक्षों के बीच जबरदस्त हिंसक झड़प हो गई। विवाद की खबर फैलते ही दोनों तरफ से सैकड़ों की तादाद में लोग आमने-सामने आ गए और देखते ही देखते इलाका जंग का मैदान बन गया।
उपद्रवियों ने कई घरों, दुकानों और सड़क किनारे खड़े वाहनों में जमकर तोड़फोड़ और पथराव किया। स्थिति नियंत्रित करने पहुंची पुलिस टीम पर भी हमला किया गया, जिसमें तारबाहर थाना प्रभारी (TI) रवि तिवारी का सिर फट गया, जबकि एक आरक्षक समेत कई लोग घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर हिंदूवादी संगठन के लोग खपरगंज पहुंचे थे, जहां दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हुआ। सूचना मिलने के बावजूद शुरुआत में केवल गश्त दल मौके पर पहुंचा, जिससे स्थिति और बिगड़ गई। भीड़ को उग्र होता देख सिविल ड्रेस में पहुंचे सीएसपी गगन कुमार के साथ भी झूमाझटकी की गई। हालात पर काबू पाने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज किया और आंसू गैस के गोले छोड़े। फायरिंग उपकरण उपलब्ध न होने पर सरकंडा टीआई प्रदीप आर्य ने हाथ से ही 5 से 6 आंसू गैस के गोले उपद्रवियों की ओर फेंके।
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए कलेक्टर संजय अग्रवाल और एसएसपी रजनेश सिंह स्वयं हेलमेट पहनकर भारी पुलिस बल के साथ सड़कों पर उतरे। स्थिति को संभालने के लिए जांजगीर-चांपा, मुंगेली और सीएएफ (CAF) की अतिरिक्त टुकड़ियों को शहर में तैनात किया गया। बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला सहित हिंदूवादी संगठनों के प्रतिनिधि भी कोतवाली पहुंचे और कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर तड़के 4 बजे तक थाने के बाहर डटे रहे। फिलहाल इलाके में भारी पुलिस बल तैनात है और उपद्रवियों की पहचान कर कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
Share this post with:
03 Sep 2026
02 Sep 2026
20 Feb 2023
20 Feb 2023