Share this post with:
**कोरिया।** रेत तस्करी के खूनी खेल में जिंदा जलाए गए भाजपा नेता लल्ला सिंह हत्याकांड में एक और बेहद दर्दनाक मोड़ सामने आया है। इस खौफनाक वारदात में गंभीर रूप से घायल हुए भाजपा नेता के रिश्तेदार विरेंद्र सिंह (28) ने भी अंबिकापुर के जीवन हॉस्पिटल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया है। सरगुजा आईजी ने विरेंद्र की मौत की आधिकारिक पुष्टि की है, जिसके बाद इस रोंगटे खड़े कर देने वाले खूनी संघर्ष में मरने वालों की संख्या अब 2 हो गई है। विरेंद्र रायपुर की एक निजी कंपनी में नौकरी करते थे और इस हमले के दौरान आरोपियों ने फरसे से उनके गले पर जानलेवा वार किया था।
इधर, पुलिस की शुरुआती जांच में इस रूह कंपा देने वाली वारदात की जो इनसाइड स्टोरी सामने आई है, वह बेहद चौंकाने वाली है। जानकारी के मुताबिक, सोनहत के नौगई गांव में रहने वाले पूर्व जनपद पंचायत उपाध्यक्ष भरत सिंह उर्फ लल्ला सिंह के रिश्तेदार नागेंद्र सिंह के बेटे ने नौगई रेत घाट का सरकारी ठेका लिया था। इसी रेत घाट से होने वाले अवैध खनन और तस्करी को लेकर लल्ला सिंह का स्थानीय भाजपा नेता मनोज त्रिपाठी के परिवार के साथ लंबे समय से रंजिश और विवाद चल रहा था।
रविवार देर रात करीब 12 बजे इसी विवाद ने बेहद खूनी रूप अख्तियार कर लिया, जब मनोज त्रिपाठी से जुड़े दर्जनों लोगों ने हथियारों के साथ भरत सिंह (लल्ला सिंह) के घर को चारों तरफ से घेर लिया। जब लल्ला सिंह अपने भाई और परिजनों के साथ फॉर्च्यूनर कार से निकलने की कोशिश करने लगे, तो आरोपियों ने फिल्मी अंदाज में कार के आगे और पीछे भारी-भरकम हाईवा वाहन अड़ाकर उनका रास्ता पूरी तरह ब्लॉक कर दिया।
इसके बाद हमलावरों ने कार पर चारों तरफ से पेट्रोल छिड़का और जिंदा ही आग लगा दी। इस भीषण अग्निकांड के वक्त भरत सिंह कार के भीतर ही फंस गए और जिंदा जलने से उनकी मौके पर ही तड़प-तड़पकर मौत हो गई। कार में उनके साथ भाई और शिक्षक नागेंद्र सिंह, मयंक सिंह और विरेंद्र सिंह भी सवार थे, जो जान बचाने के लिए किसी तरह जलती कार से बाहर तो कूदे, लेकिन बाहर खड़े हमलावरों ने उन पर फरसे और लाठियों से बेरहमी से हमला कर दिया। इस हमले में अब तक दो लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि अन्य घायलों की हालत नाजुक बनी हुई है। इलाके में तनाव को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात है।
Share this post with:
15 Jun 2026
15 Jun 2026
20 Feb 2023
20 Feb 2023