Share this post with:
कोरबा जिले में लगातार हो रही भारी बारिश के चलते जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। शहर का दादर नाला उफान पर होने के कारण शनिवार सुबह एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। उफनते नाले को पार करने की कोशिश में तीन दोस्तों से भरी एक स्कॉर्पियो कार पानी के तेज बहाव में बहकर डूबने लगी। हालांकि, खतरे को भांपते हुए गाड़ी में सवार तीनों युवकों ने समय रहते शीशा खोलकर बाहर छलांग लगा दी और तैरकर सुरक्षित किनारे पहुंचकर अपनी जान बचाई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, नाले में पानी का स्तर खतरे के निशान से ऊपर था और स्थानीय लोगों द्वारा मना भी किया जा रहा था, लेकिन चालक ने चेतावनी को नजरअंदाज करते हुए गाड़ी को पानी में उतार दिया। बहाव तेज होने के कारण स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर गहरे पानी में समा गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों की मदद से करीब आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद स्कॉर्पियो को रस्सियों के सहारे खींचकर बाहर निकाला गया।
हादसे के बाद प्रशासन ने एहतियात के तौर पर दादर नाला मार्ग पर दोनों तरफ से आवागमन पूरी तरह बंद कर दिया है और पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। वहीं, पिछले कुछ दिनों से जारी मूसलाधार बारिश के चलते कोरबा शहर के कई निचले इलाकों और रिहायशी वार्डों में पानी भर गया है, जिससे लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। प्रशासन ने नागरिकों से उफनते नदी-नालों और जलमग्न पुल-पुलियों को पार न करने की सख्त अपील की है।
Share this post with:
29 Aug 2026
29 Aug 2026
20 Feb 2023
20 Feb 2023