The Bare Truth

देवपहरी वाटरफॉल के टापू पर 15 घंटे फंसे रहे 3 दोस्त, रस्सी के सहारे सुरक्षित रेस्क्यू

25 Aug 2026  

देवपहरी वाटरफॉल के टापू पर 15 घंटे फंसे रहे 3 दोस्त, रस्सी के सहारे सुरक्षित रेस्क्यू

Share this post with:

छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले स्थित प्रसिद्ध पर्यटन स्थल देवपहरी वाटरफॉल में पिकनिक मनाने गए तीन युवक नदी के अचानक बढ़े तेज बहाव के बीच टापू पर फंस गए। लगभग 15 घंटे तक चले तनावपूर्ण हालात के बाद पुलिस और स्थानीय ग्रामीणों की संयुक्त टीम ने रस्सी के सहारे तीनों दोस्तों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया है। तीनों युवकों ने पूरी रात तेज पानी के बहाव के बीच टापू पर जागकर काटी।


मिली जानकारी के अनुसार, तीनों दोस्त पिकनिक मनाने देवपहरी पहुंचे थे। तभी अचानक ऊपरी इलाके में हुई तेज बारिश से नदी का जलस्तर अप्रत्याशित रूप से बढ़ गया, जिससे वे बीच टापू पर ही घिर गए। सुबह होते ही पुलिस और स्थानीय गोताखोरों की मदद से सघन रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया और रस्सियों के सहारे तीनों को सकुशल किनारे लाया गया। वहीं कोरबा में सोमवार दोपहर से जारी मूसलाधार बारिश के चलते दादर नाला, मानिकपुर, डिपरा पारा बाईपास और पोड़ीबहार नाला उफान पर हैं, जिससे दादर नाला के तटीय इलाकों में कई घरों के भीतर पानी भर गया।


बीते 24 घंटों के दौरान छत्तीसगढ़ के लगभग सभी हिस्सों में झमाझम बारिश दर्ज की गई है। बस्तर संभाग के अधिकांश इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश हुई, जबकि रायपुर, बिलासपुर और सरगुजा संभाग में भी कुछ स्थानों पर तेज बारिश रिकॉर्ड की गई। मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में अगले दो दिनों तक मानसून पूरी तरह सक्रिय रहेगा और कई जिलों में गरज-चमक व वज्रपात के साथ भारी बारिश होने की संभावना है, जिसके बाद मानसूनी गतिविधियों में धीरे-धीरे कमी आने का अनुमान है।
 

Share this post with:

POPULAR NEWS

© 2022 The Bare Truth. All rights reserved. Developed By Inclusion Web