The Bare Truth

बिलासपुर में दर्दनाक हादसा: फोन पर बात करने में व्यस्त थे पिता, तालाब में डूबने से दो मासूम सगे भाइयों की मौत; छोटे को बचाने कूदा था बड़ा भाई

21 Aug 2026  

बिलासपुर में दर्दनाक हादसा: फोन पर बात करने में व्यस्त थे पिता, तालाब में डूबने से दो मासूम सगे भाइयों की मौत; छोटे को बचाने कूदा था बड़ा भाई

Share this post with:

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के पचपेड़ी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम चिल्हाटी में गुरुवार शाम एक दिल दहला देने वाला हादसा हो गया। तालाब के पास खेल रहे दो सगे भाइयों की गहरे पानी में डूबने से दर्दनाक मौत हो गई। घटना के समय दोनों बच्चों के पिता उन्हें तालाब किनारे छोड़कर कुछ दूरी पर मोबाइल फोन पर बात करने में व्यस्त थे, इसी दौरान यह हादसा हो गया।


मिली जानकारी के अनुसार, चिल्हाटी निवासी किसान भक्त प्रहलाद पैकरा गुरुवार शाम अपने दो मासूम बेटों दीपू पैकरा (7) और चींटू पैकरा (4) को साथ लेकर गांव के तालाब की ओर गए थे। पिता बच्चों को तालाब के किनारे छोड़कर खुद थोड़ी दूर जाकर फोन पर बातचीत करने लगे। इसी बीच किनारे खेल रहा 4 वर्षीय छोटा बेटा चींटू अचानक फिसलकर गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा।


छोटे भाई को पानी में छटपटाता और डूबता देख 7 वर्षीय बड़े भाई दीपू ने अदम्य साहस दिखाते हुए उसे बचाने के लिए तालाब में छलांग लगा दी। हालांकि, पानी की गहराई अधिक होने और तैरना न आने के कारण दोनों भाई गहराई में समा गए। तभी पास से गुजर रहे एक युवक की नजर डूबते बच्चों पर पड़ी, जिसने तुरंत शोर मचाकर ग्रामीणों को एकत्रित किया। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने फौरन तालाब में उतरकर दोनों बच्चों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। एक साथ दो मासूम बेटों की मौत से परिवार में कोहराम मच गया है और पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।
 

Share this post with:

POPULAR NEWS

© 2022 The Bare Truth. All rights reserved. Developed By Inclusion Web