The Bare Truth

महामाया मंदिर के सामने भाजपा के 2 गुट भिड़े, चोरी के विवाद में महिला मोर्चा नेत्री ने युवक को चप्पल से पीटा; दोनों पक्षों पर केस दर्ज

24 Aug 2026  

महामाया मंदिर के सामने भाजपा के 2 गुट भिड़े, चोरी के विवाद में महिला मोर्चा नेत्री ने युवक को चप्पल से पीटा; दोनों पक्षों पर केस दर्ज

Share this post with:

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल रतनपुर में मां महामाया मंदिर के मुख्य द्वार के पास चोरी के पुराने विवाद को लेकर भारतीय जनता पार्टी (BJP) से जुड़े दो पक्ष आपस में भिड़ गए। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों ओर से जमकर गाली-गलौज हुई और भाजपा महिला मोर्चा अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ की महामंत्री रेहाना बेगम ने दूसरे पक्ष के एक युवक की चप्पलों से पिटाई कर दी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर क्रॉस केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


शिकायत के मुताबिक, मंदिर रोड निवासी तुषार पटेल महामाया मंदिर के पास प्रसाद और होटल का संचालन करते हैं। करीब एक सप्ताह पहले उनकी दुकान से कुछ सामान चोरी हुआ था, जिसकी शिकायत उन्होंने थाने में दर्ज कराई थी। शनिवार को तुषार को मंदिर गेट के पास दुकान पर काम करने वाला करिया उर्फ मनोज दिखा, जिस पर उन्हें चोरी का संदेह था। तुषार ने जब मनोज और उसके साथी मोन्टी धीवर से इस बारे में पूछताछ की, तो मनोज ने अपनी मौजूदा नियोक्ता और बीजेपी नेत्री रेहाना बेगम को फोन कर मौके पर बुला लिया।


आरोप है कि दोपहर करीब 2:30 बजे रेहाना बेगम अपने साथियों भागवत उर्फ रेहान और शेरू के साथ मौके पर पहुंचीं। वहां दोनों पक्षों में तीखी नोकझोंक शुरू हो गई। इसी बीच रेहाना बेगम बाइक से उतरीं और चप्पल निकालकर युवक की पिटाई करने लगीं। तुषार पक्ष का आरोप है कि उनके साथ लात-घूंसों से मारपीट की गई और जान से मारने की धमकी दी गई। घटना के बाद रतनपुर थाना पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर पर मामला दर्ज कर लिया है और वायरल वीडियो के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
 

Share this post with:

POPULAR NEWS

© 2022 The Bare Truth. All rights reserved. Developed By Inclusion Web