Share this post with:
छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले से भ्रष्टाचार के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई की खबर सामने आई है, जहां रिश्वत मांगने के मामले में दो सब इंस्पेक्टरों (SI) को सस्पेंड कर दिया गया है। पुरानी भिलाई थाने में पदस्थ सब इंस्पेक्टर तुलसीराम साहू ने एक महिला को ड्रग्स केस में गिरफ्तार किया था, जिसके बाद महिला को छोड़ने के एवज में उसकी बेटी से 50 हजार रुपये की रिश्वत मांगी गई थी।
घूस मांगने का ऑडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा था, जिस पर संज्ञान लेते हुए एसएसपी विजय अग्रवाल ने कड़ी कार्रवाई की है। एसएसपी ने आरोपी सब इंस्पेक्टर तुलसीराम साहू और इस कृत्य में उसका साथ देने वाले खुर्सीपार थाने में पदस्थ सब इंस्पेक्टर देव लाल साहू को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है और दोनों को रक्षित केंद्र (लाइन) दुर्ग अटैच कर दिया गया है। वहीं पीड़ित बेटी का यह भी संगीन आरोप है कि इस मामले में साइबर क्राइम के कर्मियों ने भी उससे 2 लाख रुपये की डिमांड की थी।
पुलिस मुख्यालय से मिली जानकारी के मुताबिक, पुरानी भिलाई थाने में दर्ज एनडीपीएस एक्ट के केस (क्रमांक 288/2026) से जुड़े मामले में आरोपी पक्ष से पैसों की मांग किए जाने का ऑडियो सामने आया था। शुरुआती जांच में यह बात साफ हुई है कि वायरल ऑडियो के आधार पर दोनों ही पुलिस अधिकारियों की मिलीभगत थी। एसआई तुलसीराम साहू ने सीधे तौर पर रिश्वत की मांग की, जबकि खुर्सीपार में पदस्थ एसआई देव लाल साहू ने इस पूरे मामले में उसका साथ दिया। पुलिस विभाग की छवि धूमिल करने और विभागीय नियमों के विपरीत आचरण करने के चलते दोनों के खिलाफ निलंबन की यह बड़ी गाज गिरी है।
Share this post with:
04 Jun 2026
04 Jun 2026
20 Feb 2023
20 Feb 2023