Share this post with:
छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के मोहन नगर थाना क्षेत्र में फर्जी नंबर प्लेट के इस्तेमाल का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। रायपुर के एक युवक की कार घर पर खड़ी रही, लेकिन सालभर तक उसके वाहन नंबर पर ट्रैफिक चालान और टोल टैक्स कटने के मैसेज आते रहे। पड़ताल में सामने आया कि युवक की कार का रजिस्ट्रेशन नंबर हूबहू उसी मॉडल की दूसरी कार पर लगाकर चलाया जा रहा था। पुलिस ने मामले का पर्दाफाश करते हुए आरोपी को फर्जी नंबर प्लेट लगी कार समेत गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, रायपुर निवासी 26 वर्षीय मोनिश सोनी के नाम पर टोयोटा यारिस कार (CG 07 BZ 5226) दुर्ग आरटीओ में पंजीकृत है। मोनिश को पिछले एक साल से मोबाइल पर लगातार ऐसे स्थानों से ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन के चालान और टोल टैक्स कटने के मैसेज आ रहे थे, जहां वे कभी गए ही नहीं थे। पीड़ित के मुताबिक, उनकी कार कभी ओडिशा नहीं गई, फिर भी उस रूट पर करीब ₹2,000 का ट्रैफिक चालान और लगभग ₹7,000 से ₹8,000 तक की टोल राशि उनके खाते से कट गई।
लगातार आ रहे इन संदेशों से परेशान होकर जब मोनिश को अपनी कार के नंबर के दुरुपयोग का पक्का अंदेशा हुआ, तो उन्होंने 24 अगस्त को दुर्ग के मोहन नगर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और नंबर की पड़ताल करते हुए फर्जी नंबर प्लेट लगाकर घूम रहे आरोपी को टोयोटा यारिस कार के साथ धर दबोचा और आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
Share this post with:
20 Feb 2023
20 Feb 2023